भिवानी: आंधी-बारिश से बिजली निगम को करोड़ों का नुकसान; 600 ट्रांसफार्मर फुके
भिवानी में मौसम की दोहरी मार: तेज आंधी से हजारों पोल टूटे और भीषण गर्मी से 600 ट्रांसफार्मर जल गए। बिजली निगम को करोड़ों का घाटा, कई गांवों में छाया अंधेरा।
भिवानी। एक माह में तीसरी बार आए खराब मौसम ने बिजली निगम को फिर करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया है। तेज आंधी और बारिश के कारण बिजली पोल टूटने तथा ट्रांसफार्मरों के क्षतिग्रस्त होने से निगम को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। वहीं अत्यधिक तापमान के कारण पिछले एक माह में निगम के करीब 600 बिजली ट्रांसफार्मर भी जल चुके हैं।
मौसम की इस दोहरी मार का असर बिजली उपभोक्ताओं पर भी पड़ा और उन्हें बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। शनिवार को आई तेज आंधी और बारिश के बाद निगम के अधिकारी देर रात तक नुकसान का आकलन करने और प्रभावित बिजली लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे रहे।
तीन मई को आई तेज आंधी और बारिश के कारण भिवानी सर्कल में ढाई से तीन हजार बिजली पोल टूट गए थे। इसके अलावा 136 बिजली ट्रांसफार्मर भी खराब हो गए थे। उस दौरान निगम को करीब ढाई से तीन करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
शुक्रवार को आई तेज आंधी के कारण बहल और आसपास के क्षेत्र में 350 से अधिक बिजली पोल टूट गए थे जिससे कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। निगम इन क्षेत्रों में बिजली बहाल करने में जुटा ही था कि शनिवार को फिर तेज आंधी और बारिश ने नुकसान बढ़ा दिया। शनिवार को पोल टूटने और ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी जुटाने के लिए निगम के फीडर इंचार्ज लाइनों की पेट्रोलिंग करते रहे। देर रात तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
आधे से अधिक शहरी फीडर ठप हो गए, देर रात तक गुल रही बिजली: तेज आंधी के कारण आधे से अधिक शहरी फीडर ठप हो गए जबकि 75 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। हालांकि निगम ने 33 केवी सब-स्टेशनों को आंधी के बाद दोबारा चालू कर दिया लेकिन 11 केवी के अधिकांश फीडर ब्रेकडाउन हो गए थे। इन्हें चालू करने से पहले लाइनों की पेट्रोलिंग कराई गई।

