भिवानी: गरीब परिवारों को उजाड़ने के खिलाफ 9वें दिन भी जारी रहा धरना
भिवानी में 65 साल से रह रहे 6 गरीब परिवारों को उजाड़ने के विरोध में सामाजिक संगठनों का धरना 9वें दिन भी जारी। मौन जुलूस निकाल कर जताया गया कड़ा विरोध।
भिवानी। दिनोद गेट स्थित टिबड़ेवाल सभागार के सामने पिछले 65 वर्षों से मेहनत-मजदूरी कर आजीविका चला रहे छह गरीब परिवारों को जबरन उजाड़ने के कथित प्रयास के विरोध में विभिन्न सामाजिक संगठनों का धरना रविवार को नौवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान नारेबाजी की। वहीं शनिवार शाम पीड़ित परिवारों के समर्थन में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और शहरवासियों ने मौन जुलूस निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।
मौन जुलूस दिनोद गेट से शुरू होकर घंटाघर, हांसी गेट, महम गेट और रोहतक गेट सहित शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए वापस दिनोद गेट पर संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान प्रदर्शनकारियों ने शहर के प्रमुख चौकों पर एकजुटता का संदेश देते हुए मानव शृंखला भी बनाई। मौन जुलूस का नेतृत्व कर रहे जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मदन यादव जूस वाला और मुस्लिम समाज के जिला प्रधान जोरावर अली ने कहा कि जो गरीब परिवार पिछले 65 वर्षों से दिनोद गेट पर मेहनत-मजदूरी कर अपनी रोजी-रोटी कमा रहे हैं उन्हें उजाड़ने के लिए कथित रूप से पुलिस बल के साथ कार्रवाई का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इन परिवारों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि छह गरीब परिवारों का रोजगार छीनकर उन्हें सड़क पर लाने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा। इस अवसर पर फूल सिंह सैनी, रामचंद्र, शिवजी राम सैनी, संदीप एडवोकेट, मदन जूसवाला, धीरज, सुमित, अमित, जर्नादन, मोनू शर्मा और नवीन मौजूद रहे।

