भिवानी: PWD मैकेनिकल वर्कर्स का अनिश्चितकालीन धरना, 12 महीने से वेतन नहीं

भिवानी में PWD मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन का प्रदर्शन। 12 महीने से वेतन न मिलने और सुविधाओं की कमी पर फूटा गुस्सा। जल आपूर्ति और सीवरेज ठप करने की चेतावनी।

 
भिवानी सीवरेज जल आपूर्ति बाधित चेतावनी

भिवानी। वेतन और सुविधाओं से जुड़ी लंबित मांगों को लेकर हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन (सर्व कर्मचारी संघ से संबद्ध) की अर्ध-शहरी और फील्ड शाखाओं ने सोमवार को अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने विद्या नगर स्थित कार्यकारी अभियंता, डिवीजन नंबर-1 कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया।

धरने का संचालन शाखा सचिव प्रवीण कुमार ने किया, जबकि अध्यक्षता शाखा कोषाध्यक्ष बिजेंद्र शर्मा ने की। धरने को संबोधित करते हुए राज्य संगठन सचिव सुशील आलमपुर ने आरोप लगाया कि कार्यकारी अभियंता और उपमंडल अभियंता कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान में रुचि नहीं ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी डिस्पोजलों पर मशीनरी खराब पड़ी है जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रधान अनिल बागड़ी ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कर्मचारियों को सरसों का तेल और साबुन जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि सबसे गंभीर मामला हरियाणा कौशल रोजगार निगम के 11 कर्मचारियों का है जिन्हें पिछले 12 महीनों से वेतन नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। यूनियन के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश शेखावत ने प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि समय रहते कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में सीवरेज और जल आपूर्ति बाधित कर दी जाएगी जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी। इस अवसर पर राज्य उपप्रधान सूरजभान जटसारा, फील्ड ब्रांच प्रधान राजकुमार चांगिया, सचिव विजय आसलवास, शहरी ब्रांच प्रधान नरेंद्र शर्मा और कोषाध्यक्ष रामनिवास भी मौजूद रहे।