Bhiwani Railway Station: गोरखधाम एक्सप्रेस के टीटीई और गार्ड में चले लात-घूंसे, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
भिवानी रेलवे जंक्शन पर गोरखधाम सुपरफास्ट ट्रेन के टीटीई और गार्ड के बीच जमकर हुई हाथापाई। लात-घूंसे चलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। जानें क्या है पूरा मामला।
भिवानी। दिल्ली से चलकर वाया भिवानी भटिंडा जाने वाली गोरखधाम सुपरफास्ट ट्रेन के (टीटीई) ट्रेवलिंग टिकट एग्जामिनर और गार्ड के बीच हाथापाई का वीडियो सोमवार शाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह मामला छह मई की सुबह करीब साढ़े आठ बजे का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार भिवानी रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर खड़ी इस ट्रेन में टीटीई और गार्ड के बीच पहले कहासुनी हुई जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। वायरल वीडियो में दोनों कर्मचारी आपस में लात-घूंसे चलाते नजर आ रहे हैं जबकि रेलवे पुलिस का एक कर्मचारी बीच-बचाव करता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ था। ट्रेन के भिवानी स्टेशन पर रुकने के बाद यह विवाद और बढ़ गया। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई जिसके बाद गार्ड ने टीटीई को थप्पड़ मार दिया और फिर दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। सूत्रों के अनुसार यह मामला रेलवे के उच्चाधिकारियों के संज्ञान में भी आया हालांकि उससे पहले ही दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो चुका था।

