भिवानी रेलवे स्टेशन पर ऑटो चालकों की मनमानी से लग रहा जाम; ट्रैफिक पुलिस सख्त

भिवानी रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के कारण लग रहे जाम से यात्री परेशान। ट्रैफिक एसएचओ संजय कुमार ने नियमों के उल्लंघन पर दी कार्रवाई की चेतावनी।

 
स्टेशन के बाहर जाम की समस्या

भिवानी। रेलवे जंक्शन के बाहर ट्रेन के आने-जाने के समय ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। स्टेशन गेट के बाहर लगने वाले इस जाम से यात्रियों, स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शहर में इस समय करीब सात हजार ऑटो और ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं। इनमें से बड़ी संख्या में चालक रेलवे स्टेशन के बाहर सवारियों की तलाश में खड़े रहते हैं। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंचती है चालक अपने वाहन स्टेशन गेट के ठीक सामने खड़े कर सवारियां बैठाने लगते हैं जिससे स्टेशन परिसर के बाहर यातायात व्यवस्था बाधित हो जाती है।

इस अव्यवस्था के चलते पैदल यात्रियों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस को बार-बार हस्तक्षेप करना पड़ता है। ट्रैफिक पुलिस ने रेलवे स्टेशन के बाहर जाम की समस्या रोकने के लिए विशेष व्यवस्था लागू की है।

ट्रैफिक एसएचओ संजय कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो चालकों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने और जाम लगाने वाले चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।