भिवानी सड़क हादसा: नीलगाय को बचाने के चक्कर में पेड़ से टकराई कार, भाई-बहन जैसे दो भाइयों की मौत

भिवानी के लोहारू में भीषण सड़क हादसा। शादी के 8वें दिन भात मोड़ने आए युवक और उसके ममेरे भाई की मौत। नीलगाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराई कार।

 
Wedding Tragedy in Bhiwani Haryana

भिवानी : हरियाणा के भिवानी से दिल को झकझोर कर देने वाले हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक भयानक घटना में दो युवकों की जान चली गई। वहीं इस घटना ने पूरे परिवार में कोहराम मचा दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना लोहारू क्षेत्र के बिसलवास गांव की है। मृतक की पहचान इंदीवाली निवासी 28 वर्षीय राकेश और उसके मामे का बेटा बिसलवास निवासी 15 वर्षीय योगेश के रुप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि राकेश की शादी एक हफ्ता पहले हुई थी और वह अपने मामा के घर भात मोड़ने आया था। कार में  सवार होकर दोनों सिलेंडर भरवाने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में नीलगाय आ गई। उसी को बचाने के प्रयास में कार को जब मोड़ा तो गाड़ी पेड़ से टकरा गई। जिससे दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। 

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद डायल-112 बाढड़ा और लोहारू पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।  शादी के महज आठवें दिन राकेश की मौत ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया।