भिवानी सड़क हादसा: पत्नी का जन्मदिन मनाने जा रहे दो चचेरे भाइयों की मौत

भिवानी के जूई-लोहारू रोड पर कार-बाइक की टक्कर में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत। पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए केक लेने निकले थे युवक। पुलिस जांच में जुटी।

 
भिवानी नागरिक अस्पताल

भिवानी। जूई-लोहारू रोड पर जेबीएम अस्पताल के सामने मारूति रिट्ज कार और बाइक की टक्कर में चचेरे दो भाइयों की मौत हो गई। मृतकों में से एक युवक की करीब 6 महीने पहले ही शादी हुई थी जो अपनी नवविवाहित पत्नी के जन्मदिन की खुशियां मनाने के लिए चचेरे भाई के साथ बाइक पर केक लेने गया था लेकिन जन्मदिन पर ही सुहाग उजड़ गया। वहीं हादसे के बाद आरोपी कार चालक भाग निकला।

सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सुरेश ने बताया कि गांव लेघां निवासी विकास (22) अपने चाचा के लड़के आशीष (20) के साथ वीरवार दोपहर करीब तीन बजे बाइक पर सवार होकर जूई गया था। वीरवार को आशीष की पत्नी का जन्मदिन था जिसके लिए दोनों भाई केक लेने आए थे।

गांव लौटते समय जेबीएम अस्पताल के सामने तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि विकास की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने आशीष को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।