भिवानी: पत्नी का जन्मदिन मनाने जा रहे दो चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत
भिवानी के लेघान गांव के दो चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत। पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए केक लेने जा रहे थे युवक। कार चालक मौके से फरार, पुलिस जांच जारी।
भिवानी : हरियाणा के भिवानी जिले से एक दिल को झकझोर कर रख देने वाली खबर सामने आई है। यहां कार-बाइक की टक्कर में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। इनमें से एक युवक की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। वह गुरुवार देर शाम अपनी पत्नी के जन्मदिन के लिए केक खरीदने अपने चचेरे भाई के साथ गया था। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान भिवानी के लेघान गांव के रहने वाले 22 साल के विकास और 20 साल के आशीष के रूप में हुई है। आशीष की पत्नी का जन्मदिन था और वह अपने चचेरे भाई के साथ केक लेकर आ रहा था। वे गुरुवार को लेघान हेतवान गांव से जुई शहर में केक खरीदने गए थे और लौट रहे थे। इसी दौरान कार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसके कारण दोनों को गंभीर चोटें आई। हादसे में लगी चोटों के कारण एक की मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरे ने अस्पताल में लाते समय दम तोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि आशीष इकलौता बेटा था। आशीष की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। वहीं घटना की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरे इलाके में मातम पसर गया।

