Bhiwani Roadways: भिवानी में धुलंडी पर थमेंगे रोडवेज बसों के पहिए; 4 मार्च को लोकल और लंबे रूट की बसें बंद, जानें क्या है कारण

होली (धुलंडी) पर हुड़दंग और सुरक्षा कारणों से भिवानी रोडवेज डिपो ने 4 मार्च, बुधवार को बसों का संचालन पूरी तरह बंद रखने का फैसला किया है। जीएम दीपक कुंडू के अनुसार, यात्रियों की कमी और वाहनों को नुकसान से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है।

 
जीएम दीपक कुंडू भिवानी

भिवानी। दुल्हेंडी पर्व पर संभावित हुड़दंग को देखते हुए चार मार्च, बुधवार को रोडवेज बसों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। स्थानीय रूटों के साथ ही लंबी दूरी के रूटों पर भी बसें नहीं चलाई जाएंगी। रोडवेज प्रशासन ने यह निर्णय इसलिए लिया है क्योंकि दुल्हेंडी के दिन लोग कीचड़, पत्थर और पानी तक फेंक देते हैं जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।

वहीं इस दिन बसों में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या भी नगण्य रहती है। डिपो प्रबंधन के अधिकारियों के अनुसार दुल्हेंडी के दिन लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार मनाते हैं और अधिकांश दुकानें, बाजार, सरकारी व निजी कार्यालय बंद रहते हैं। यात्रियों का आवागमन भी कम हो जाता है। ऐसे में बसों का संचालन बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि दुल्हेंडी के दिन लोग आने-जाने वाले वाहनों और राहगीरों पर रंग व पानी डालते हैं। कई बार शराब के नशे में कुछ लोग वाहनों पर पत्थर भी फेंक देते हैं। इससे वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ-साथ यात्री और चालक-परिचालक भी चोटिल हो सकते हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए डिपो प्रबंधन ने बसों का संचालन बंद रखने का फैसला किया है।


जो बसें अन्य डिपो व राज्यों में गई हुई थीं उन्हें मंगलवार शाम तक वापस बुलाकर रोडवेज वर्कशॉप में खड़ा कर दिया गया है। जीएम दीपक कुंडू ने बताया कि दुल्हेंडी पर किसी भी प्रकार की हुड़दंग से बचाव के लिए रोडवेज बसों का संचालन नहीं किया जाएगा।