Bhiwani News: ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का हल्ला बोल, लेबर कोड की प्रतियां फूंकी; रोहतक में होगा बड़ा ऐलान

भिवानी में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने उपायुक्त कार्यालय पर किया प्रदर्शन। लेबर कोड की प्रतियां जलाईं और ₹26,000 न्यूनतम वेतन की मांग की। 13 मई को रोहतक में बड़ी घोषणा।

 
Gramin Safai Karamchari Union Bhiwani

भिवानी। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन ने विभिन्न मांगों को लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया और महानिदेशक के नाम ज्ञापन जिला समाज कल्याण अधिकारी देवेंद्र सिंह को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर कर्मचारियों ने लेबर कोड लागू करने के विरोध में उसकी प्रतियां भी जलाईं।

विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान राजबीर सिंह सिंघानी ने की। प्रदर्शनकारी ग्रामीण सफाईकर्मियों को हाईकोर्ट के निर्णय के अनुसार पक्का करने, 26 हजार रुपये न्यूनतम वेतन लागू करने तथा नगरपालिका सफाई कर्मचारियों और अग्निशमन कर्मियों की मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे।

मजदूर और कर्मचारी नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार पिछले दो वर्षों से ग्रामीण सफाईकर्मियों की मांगों की अनदेखी कर रही है। मुख्यमंत्री और समाज कल्याण मंत्री द्वारा कई घोषणाएं किए जाने के बावजूद उन्हें लागू नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यूनियन द्वारा बार-बार ज्ञापन और पत्र भेजने के बावजूद बातचीत के लिए समय तय नहीं किया जा रहा है।

नेताओं ने कहा कि नगरपालिका सफाई कर्मचारी पिछले 12 दिन और अग्निशमन कर्मचारी 35 दिन से हड़ताल पर हैं लेकिन सरकार बातचीत करने के बजाय पुलिस बल के सहारे आंदोलन दबाने का प्रयास कर रही है। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीण और शहरी सफाई कर्मियों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो 13 मई को रोहतक में होने वाले राज्यस्तरीय कन्वेंशन में बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी। प्रदर्शन को सीटू जिला सचिव कामरेड अनिल कुमार, सर्व कर्मचारी संघ नेता सुमेर आर्य और किसान सभा नेता कामरेड ओमप्रकाश ने भी संबोधित किया।