Haryana Municipal Workers Protest: लाठीचार्ज और गिरफ्तारियों के खिलाफ भिवानी में तेज हुआ आंदोलन, कर्मचारी नेताओं ने दी चेतावनी

भिवानी में सफाई कर्मियों और दमकल कर्मियों की हड़ताल 29वें दिन भी जारी। शहर में कूड़े के ढेर और प्रशासन की कार्रवाई पर पूरी अपडेट।
 
Bhiwani news update 2026

भिवानी। नगर परिषद के सफाई कर्मियों की हड़ताल वीरवार को 29वें दिन भी जारी रही। वीरवार सुबह हड़ताली कर्मियों ने नगर परिषद के गेट पर ताला जड़ दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और थोड़ी देर बाद ताला खोला गया। इसके बाद हड़ताली कर्मचारी गेट के आगे धरना पर बैठकर नारेबाजी करने लगे।

सरकार की चेतावनी के बावजूद 11 अनुबंधित दमकल कर्मी वीरवार को काम पर नहीं लौटे। इन कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की अंतिम चेतावनी जारी की गई थी। वीरवार को कंपनी के कर्मचारियों ने शहर के कुछ हिस्सों से कूड़ा उठाया। इसके बावजूद शहर में करीब 50 टन कूड़े के ढेर लगे रहे।

शहर के अंदर 25 से अधिक कूड़ा पॉइंटों पर कूड़ा वातावरण को प्रदूषित कर रहा है। घर-घर कूड़ा उठाने वाले टीपर ऑटो भी बंद हैं, जिससे लोगों के घरों में सूखा और गीला कचरा जमा हो रहा है।

नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चल रहे कर्मचारियों ने लाठीचार्ज और गिरफ्तारियों के विरोध में अपना आंदोलन तेज कर दिया। धरने की संयुक्त अध्यक्षता नगर परिषद भिवानी के प्रधान जयहिंद पहलवान और हरियाणा अग्निशमन विभाग के उप प्रधान राजेश गुर्जर ने की। बिजली बोर्ड से सर्व कर्मचारी संघ (एसकेएस) के ब्लॉक प्रधान अशोक गोयत ने मंच संचालन किया।

अशोक गोयत ने सरकार को चेतावनी दी कि लाठीचार्ज और गिरफ्तारी जैसी दमनकारी नीतियों से कर्मचारियों का आंदोलन दबाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस के दमन और तानाशाही से आंदोलन कमजोर होने के बजाय और अधिक मजबूत होगा। धरने में सर्व कर्मचारी संघ के संस्थापक मास्टर शेरसिंह, कामरेड ओमप्रकाश, दलित अधिकार मंच से बाबू सुखदेव, वार्ड नंबर 28 के पार्षद आकाश मास्टा सहित अनेक कर्मचारी नेता व प्रतिनिधि शामिल हुए।