Bhiwani News: सांगा में पानी-बिजली संकट पर फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

भिवानी के गांव सांगा में पानी और बिजली की किल्लत से ग्रामीण परेशान। किसान सभा के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ नारेबाजी, वाटर टैंक और तालाब सूखे। जानें पूरा मामला।

 
सांगा सरपंच सुनील कुमार

भिवानी। गांव सांगा में कई दिनों से पीने के पानी और बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को बस अड्डे के पास सार्वजनिक चौपाल में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारतीय किसान सभा की गांव सांगा इकाई ने किया जिसमें ग्रामीणों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

ग्रामीणों ने बताया कि दादरी फीडर नहर में चार दिन से पानी उपलब्ध है लेकिन गांव सांगा, उमरावत, कोंट और पूर्णपूरा के वाटर टैंक व तालाब सूखे पड़े हैं। सिंचाई विभाग द्वारा ग्रामीणों की मांग के बावजूद सांगा माइनर में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता विनोद पूनिया ने बताया कि गांव का कनेक्शन धारेडू पावर हाउस से जुड़ा हुआ है जहां 12 गांव जुड़े होने के कारण लोड अधिक रहता है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो संबंधित विभागों के दफ्तरों के सामने धरना दिया जाएगा। वहीं सरपंच सुनील कुमार ने कहा कि उन्होंने बिजली और पानी आपूर्ति को लेकर विभागीय अधिकारियों से कई बार संपर्क किया तथा पंचायत लेटर पैड पर भी आवेदन दिए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस अवसर पर प्रेम, कृष्णा, शर्मिला, संतोष, बाला, नीरज, राजकुमार, पारस, विजेंद्र व विक्की नाई उपस्थित रहे।