Bhiwani Civic Crisis: भिवानी में 35 से अधिक स्थानों पर बने कचरे के ढेर, नगर परिषद कर्मचारियों का आंदोलन जारी
भिवानी। नगर परिषद के सफाई और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल के छठे दिन मंगलवार को शहर में करीब 350 टन कूड़ा जमा हो गया। सफाई व्यवस्था ठप रहने से शहर में 35 से अधिक जगहों पर कचरा प्वाइंट बन गए हैं। कूड़े से उठ रही दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
कृष्णा कॉलोनी मोड़, वैश्य स्कूल के समीप और इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट मार्केट समेत कई स्थानों पर कूड़े के ढेर पहले से बड़े हो गए हैं। नगर परिषद सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता पुरुषोत्तम दानव और दमकल कर्मचारी यूनियन के जिला अध्यक्ष अजय श्योराण ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। यूनियन ने निर्णय लिया है कि कर्मचारी 15 अगस्त को धरना स्थल पर ही तिरंगा फहराएंगे और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करेंगे।
वहीं लोहारू और बवानीखेड़ा नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल के चलते दोनों कस्बों में भी करीब 100 टन कचरा जमा हो गया है। कचरे का उठान नहीं होने से वहां भी हालात लगातार बिगड़ रहे हैं।

