Bhiwani Municipal Council Protest: भिवानी नगर परिषद में ताला जड़कर प्रदर्शन, कर्मचारियों ने फूंका सरकार का पुतला

भिवानी, लोहारू और बवानीखेड़ा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 13वें दिन भी जारी। 2200 टन कचरा जमा होने से हालात बिगड़े, कार्यालय में जड़ा ताला।
 
नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा

भिवानी। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को 13वें दिन भी जारी रही। भिवानी, लोहारू और बवानीखेड़ा में करीब 2200 टन कचरा जमा होने से हालात बिगड़ गए हैं। कचरे के ढेर अब मुख्य रास्तों तक फैल गए हैं और इनमें वाहनों के टायर फंसने लगे हैं।

वहीं हड़ताली कर्मचारियों ने तीनों निकायों के मुख्य गेट पर ताले जड़कर दो घंटे प्रदर्शन किया और इसके बाद सरकार का पुतला फूंककर नारेबाजी की। वहीं कचरा उठान की वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर नगर परिषद अधिकारियों और प्रशासन ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर भिवानी नगर परिषद के कर्मचारियों ने हड़ताल के 13वें दिन कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया।


करीब दो घंटे तक गेट के सामने नारेबाजी करने के बाद कर्मचारियों ने शहर में प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला फूंका। तालाबंदी के दौरान बाहर से कोई व्यक्ति अपना काम कराने कार्यालय में प्रवेश नहीं कर सका और कार्यालय के अंदर मौजूद लोग भी बाहर नहीं आ सके।

नगर पालिका कर्मचारी यूनियन नेता पुरुषोत्तम दानव ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर कोई सकारात्मक रुख नहीं दिखा रही है। 13 दिनों से हड़ताल के बाद भी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठायाा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।