Bhiwani News: मानसून से पहले भिवानी की सीवर लाइनों में आएगी 'नई जान'; ₹2 करोड़ के बजट से बदलेंगे 900 ढक्कन, 34 टेंडर जारी

भिवानी में जलभराव रोकने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने ₹2 करोड़ के 34 टेंडर जारी किए हैं। मानसून से पहले 2000 मैनहोल की सफाई, 900 खस्ताहाल ढक्कन बदलने और 10 नए जनरेटर सेट खरीदने का लक्ष्य रखा गया है। जानें पूरा प्लान।

 
₹2 करोड़ सीवर बजट भिवानी

भिवानी। अब मानसून से पहले ही धीमी हो चुकी शहरी दायरे की सीवर लाइन में करीब दो करोड़ के बजट से नई जान आएगी। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने मेंटनेंस के 34 अलग-अलग टेंडर कराए हैं, जिनमें करीब दो हजार सीवर मैनहोल, मुख्य सीवर लाइन और खुले बरसाती नालों की सफाई के अलावा शहरी दायरे के करीब 900 सीवर मैनहोल के ढक्कन और फ्रेम बदले जाना शामिल है। इसी तरह डिस्पोजलों पर गंदे पानी की निकासी कार्य के लिए 10 नए जनरेटर सेट भी खरीद किए जाएंगे।

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग 15 अप्रैल से पहले इन सभी कार्यों को शुरू कराएगा वहीं जून के अंत तक इन सभी का काम पूरा भी कर लिया जाएगा। यानी इस बार के मानसून से पहले ही शहरी दायरे को बरसाती जलभराव व गंदे पानी की निकासी में अवरोध से छुटकारा मिल जाएगा। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा कराए गए 34 मेंटनेंस टेंडरों में बड़े स्तर पर शहरी दायरे की सीवर लाइन के सुदृढ़ीकरण का काम शामिल किया गया है। इसके तहत जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के शहर के अंदर आठ मुख्य बरसाती नाले हैं, जिनकी सफाई के टेंडर कराए गए हैं, इन्हें मानूसन से पहले ही साफ कर दिया जाएगा।


इतना ही नहीं डिस्पोजलों पर 10 नए जनरेटर(डीजी) सेट खरीद किए जाएंगे जबकि पहले से मौजूद करीब छह जनरेटरों की मरम्मत का काम भी करा इन्हें फिर से चालू हालत में किया जाएगा। शहरी दायरे में मुख्य सीवर लाइन के मैनहोल सफाई के लिए विभाग ने करीब 30 लाख से टेंडर कराए हैं। इसके अलावा सीवर लाइन की बकेट मशीन से सफाई के लिए करीब 25 लाख के अलग से टेंडर किए गए हैं। वहीं सीवर मैनहोल और सीवर लाइनों की मरम्मत के लिए भी 25 लाख का टेंडर हुआ है।


खस्ताहाल ढक्कन व फ्रेम बदले जाएंगे
शहरी दायरे में करीब 900 से अधिक सीवर मैनहोल ढक्कन और फ्रेम खस्ताहालत में हैं। जिन्हें अब बदला जाएगा। इसके लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने दस-दस लाख के तीन अलग-अलग टेंडर कराए हैं। सीवर मैनहोल के ढक्कन बदलने का काम तो शुरू भी कर दिया है। कई जगह तो भारी वाहनों के दबाव से ढक्कन टूट चुके हैं, जबकि कई जगह सड़क से नीचे सीवर मैनहोल ढक्कन हैं, इन्हें सड़क पर समतल किया जा रहा है।


10 लाख के बजट से हायर की जाएंगी तीन प्रेशर जेटिंग मशीन
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मानसून से पहले ही सीवर लाइनों की सफाई कार्य के लिए तीन प्रेशर जेटिंग मशीन भी हायर करेगा। इसके लिए करीब दस लाख के टेंडर लगाए गए हैं। कंपनियों के माध्यम से ये मशीनें हायर की जाएंगी, जिनका प्रयोग विभागीय अधिकारी सीवर लाइनों की सफाई व रुकावट वाली जगहों को खोलने में प्रयोग करेगा।

40 लाख के बजट से सेफ्टी टैंकर के चार टेंडर
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने सेफ्टी टैंकर के चार टेंडर लगाए हैं। सेफ्टी टैंकर का प्रयोग सीवर लाइनों की रुकावट दूर करने में किया जाता है। अधिकांश जगहों पर पुरानी सीवर लाइन में रुकावट बनने की वजह से गंदा पानी आगे नहीं पहुंचता है। ऐसे में सीवर मैनहोल को खाली करने में भी ये मशीन काम आती है। विभाग सीवर मैनहोल की मरम्मत का काम बड़े स्तर पर करा रहा है, ऐसे में मरम्मत से पहले इनके अंदर की गंदगी को खाली कराना जरूरी होगा। इस काम में ये मशीनें ही काम आएंगी।

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहरी दायरे की सीवर लाइनों व मैनहोल की मरम्मत के लिए करीब दो करोड़ के बजट से 34 कार्यों के अलग-अलग टेंडर कराए हैं। जिनका 15 अप्रैल से पहले काम शुरू कराया जाएगा और जून के अंत तक ये काम पूरा कर लिया जाएगा। मरम्मत के अलावा डिस्पोजल पर जनरेटर की सुविधा भी बढ़ाई जाएगी, ताकि बिजली गुल होने पर शहर से गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था प्रभावित ना हो।