भिवानी: एक साल पहले चोरी हुई स्कूटी मेडिकल कॉलेज के पास बरामद
भिवानी में एक साल पहले चोरी हुई स्कूटी मेडिकल कॉलेज के पास मिली। युवती स्कूटी छोड़कर फरार, पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
भिवानी। एक साल पहले चोरी हुई स्कूटी सोमवार को मेडिकल कॉलेज के बाहर रेलवे स्टेशन रोड पर एक युवती के पास मिली। शहर के देवीलाल कॉलोनी निवासी दिग्विजय ने स्कूटी को पहचान लिया। जब उसने युवती को रोकने का प्रयास किया तो वह स्कूटी छोड़कर मौके से भाग गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो स्कूटी चोरी के पुराने मामले में दर्ज मिली।
दिग्विजय ने बताया कि 24 अप्रैल 2025 को बया रेस्ट हाउस के सामने से उसकी स्कूटी चोरी हो गई थी। इस संबंध में उसने सीसीटीवी फुटेज के साथ पुलिस और सीएम विंडो में शिकायत दी थी लेकिन काफी समय तक स्कूटी का कोई सुराग नहीं लग पाया था। उन्होंने बताया कि सोमवार को वह अपनी माता और भांजी के साथ किसी काम से मेडिकल कॉलेज आया हुआ था। इस दौरान उसने अपनी थार गाड़ी को राजकीय कन्या स्कूल के पास खड़ा किया था।
इसी दौरान उसे एक स्कूटी आती हुई दिखाई दी। स्कूटी का नंबर देखने पर उसे अपनी चोरी हुई स्कूटी होने का शक हुआ और उसने पहचान लिया। दिग्विजय ने बताया कि पैर में चोट लगी होने के कारण वह तुरंत उतरकर स्कूटी सवार युवती को पकड़ नहीं पाया। इसके बाद उसने अपनी गाड़ी को पास में लगाकर स्कूटी को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान मास्क पहने युवती स्कूटी को वहीं छोड़कर नेहरू पार्क की तरफ भाग गई।
इसके बाद दिग्विजय ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूटी के पुराने रिकॉर्ड की जांच की तो वह दिग्विजय के नाम पर दर्ज मिली। पुलिस ने चोरी के मामले में दर्ज अभियोग के आधार पर स्कूटी को अपने कब्जे में ले लिया और कोर्ट की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुपुर्द करने की कार्रवाई की जाएगी। सिटी थाना के जांच अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि वाहन चोरी संबंधी शिकायत में वाहन बरामद हुआ है। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।

