भिवानी: उमरावत गांव में गहराया जलसंकट, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
भिवानी के उमरावत गांव में दो महीने से पेयजल किल्लत। 'हर घर जल' योजना का दावा फेल। बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण, प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग।
भिवानी। गांव उमरावत में पिछले लगभग दो माह से पेयजल संकट गहराया हुआ है। नियमित जलापूर्ति बंद होने से ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सांसद, विधायक, पंचायत प्रतिनिधियों, सरपंच, संबंधित विभाग के अधिकारियों और सरकार तक कई बार शिकायत पहुंचाई जा चुकी है लेकिन अब तक समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। इससे ग्रामीणों में भारी रोष है।
ग्रामीण संदीप कुमार, नवीन कुमार, कपिल, साहिल और मनीष ने बताया कि दिनभर मेहनत-मजदूरी करने के बाद रात को घर लौटने पर भी उन्हें आराम नहीं मिल पाता। उन्हें पानी की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। उनका कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया लेकिन आज तक कोई अधिकारी गांव की सुध लेने नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल, हर घर नल योजना उमरावत गांव में पूरी तरह दम तोड़ती नजर आ रही है। गांव में नल तो लगाए गए हैं लेकिन उनमें पानी नहीं आ रहा। ग्रामीणों ने सरकार और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से मांग की है कि उमरावत गांव की पेयजल समस्या का तत्काल स्थायी समाधान कराया जाए ताकि भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत मिल सके और उन्हें रोजाना पानी के लिए संघर्ष न करना पड़े।

