भिवानी में वायरल का कहर: ओपीडी में उमड़े मरीज, सूखी खांसी और बुखार ने बढ़ाई चिंता!
भिवानी। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव और बारिश के बाद बढ़ी हल्की ठंड के कारण जिले में वायरल संक्रमण फैल रहा है जिससे लोगों में सूखी खांसी, गले में दर्द, बुखार और सर्दी-जुकाम की समस्या सामने आ रही है। शहर के पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज के ओपीडी विभाग में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इन लक्षणों के साथ पहुंच रहे हैं।
सामान्य रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में रोजाना औसतन 350 से 400 मरीज आ रहे हैं जिनमें अधिकतर वायरल संक्रमण से पीड़ित हैं।
फिजिशियन डॉ. यतिन गुप्ता ने बताया कि बारिश के बाद मौसम में आई ठंडक और बार-बार हो रहे बदलाव के कारण लोग वायरल संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। मरीजों में फिलहाल बुखार, सूखी खांसी और गले में दर्द की शिकायत अधिक देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि ठंडी खाद्य सामग्री का सेवन भी इन समस्याओं को बढ़ा सकता है।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग, बच्चे और बुजुर्ग ऐसे मौसम में ज्यादा प्रभावित होते हैं इसलिए उन्हें विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि फ्रिज का ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक और अधिक खट्टी चीजों के सेवन से बचें।
विशेषज्ञों के अनुसार गले में खराश होने पर गुनगुने पानी में नमक डालकर गरारे करना फायदेमंद होता है। साथ ही बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन नहीं करना चाहिए। पर्याप्त आराम, संतुलित भोजन, गर्म तरल पदार्थों का सेवन और स्वच्छता का ध्यान रखने से वायरल संक्रमण से बचाव संभव है।

