भिवानी: विकास कार्यों की अनदेखी से वार्ड 13-14 के लोग नाराज, जताया रोष
भिवानी के वार्ड 13 और 14 में धर्मशाला और गली निर्माण न होने से स्थानीय लोग नाराज। पार्षद जयवीर सिंह रंगा के नेतृत्व में नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ जताया विरोध।
भिवानी। विकास कार्यों की उपेक्षा से नाराज वार्ड 13 और 14 के लोगों ने सोमवार को नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। पार्षद जयवीर सिंह रंगा के नेतृत्व में लोगों ने आरोप लगाया कि आंबेडकर कॉलोनी में संत समाज धर्मशाला निर्माण और वार्ड 13 व 14 में गली निर्माण के वायदे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
पार्षद जयवीर सिंह रंगा ने आरोप लगाया कि नगर परिषद की ओर से आंबेडकर कॉलोनी में संत समाज धर्मशाला के निर्माण तथा वार्ड नंबर 13 और 14 में गली निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि अब तक इनमें से किसी भी कार्य की शुरुआत नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र की सड़कों की हालत खस्ता बनी हुई है और लोगों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि वे कई बार नगर परिषद कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं और अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत भी करा चुके हैं लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है।
लोगों ने प्रशासन से जल्द विकास कार्य शुरू कराने की मांग की। इस अवसर पर श्योनंद, दोपचंद, दलबीर फौजी, सतबीर जाट, रामभगत, अत्तर सिंह, रामोतार, बंटी अली, सीताराम, प्रजापत, मौसमी, पिंकी और धोला मौजूद रहे।

