Bhiwani Sewer System Project: भिवानी शहर की सीवर व्यवस्था होगी मजबूत, ₹34.5 करोड़ की परियोजना के लिए 19 अगस्त को टेंडर

मिताथल हेड पर ₹10 करोड़ से नई पंपिंग मशीनरी लगेगी। शहर में ₹34.5 करोड़ से बिछेगी नई सीवर लाइन और अपग्रेड होगा डिस्पोजल।
 
देवसर चुंगी डिस्पोजल अपग्रेड

भिवानी। शहर के महम गेट स्थित पुराने जलघर और गांव निनान के जलघर को अब मिताथल हेड से तीन गुना क्षमता से नहरी पानी मिलेगा। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से मिताथल हेड पर पंपिंग स्टेशन की क्षमता बढ़ाने के लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है।

मानसून के बाद एजेंसी काम शुरू करेगी। इसके साथ ही शहर की सीवर व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब साढ़े 34 करोड़ रुपये की परियोजना पर भी काम होगा। इसके लिए 19 अगस्त को दोबारा टेंडर लगाए जाएंगे। मिताथल हेड पर पुरानी पंपिंग मशीनरी हटाकर उसकी जगह तीन गुना अधिक क्षमता वाली बड़ी मोटरें लगाई जाएंगी।

पंपिंग स्टेशन के साथ नई पाइपलाइन भी डाली जाएगी। इससे करीब 11 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के जरिये महम गेट स्थित पुराने जलघर और गांव निनान के जलघर के टैंकों तक पर्याप्त नहरी पानी पहुंचाया जा सकेगा। फिलहाल महम रोड स्थित पुराने जलघर में आरसीसी पैटर्न के दो नए टैंकों तक पर्याप्त नहरी पानी नहीं पहुंच रहा है।

ये टैंक जमीन से करीब आठ से दस फीट ऊंचाई पर बने हैं। पुराने ईंटों से बने टैंक जमीन से आठ से दस फीट गहराई में थे और उसी हिसाब से पंपिंग स्टेशन बनाया गया था। नए टैंकों तक अधिक ऊंचाई पर नहरी पानी पहुंचाने के लिए पंपिंग स्टेशन का रिमॉडलिंग किया जाएगा।

सीवर सुदृढ़ीकरण के लिए तैयार की 34 करोड़ रुपये की परियोजना
शहर की सीवर व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब साढ़े 34 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की गई है। इसके लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने जुलाई में टेंडर लगाए थे लेकिन किसी एजेंसी ने रुचि नहीं दिखाई। अब 19 अगस्त को दोबारा टेंडर लगाए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार दो एजेंसियों के आने की संभावना है लेकिन टेंडर के नियमों के अनुसार दो से अधिक एजेंसियों के शामिल होने पर ही प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। सीवर सुदृढ़ीकरण का काम दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से शहर में लगभग 23 किलोमीटर नई सीवर लाइन डाली जाएगी। दूसरे चरण में देवसर चुंगी स्थित पुराने डिस्पोजल का करीब साढ़े 13 करोड़ रुपये की लागत से सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। पुराने डिस्पोजल की मौजूदा क्षमता नौ एमएलडी है जिसे अपग्रेड कर 21 एमएलडी किया जाएगा।

मिताथल हेड पर पंपिंग स्टेशन की क्षमता बढ़ाने के लिए 10 करोड़ के बजट से एजेंसी को वर्क ऑर्डर अलॉट किया जा चुका है। मानसून के बाद पंपिंग स्टेशन के अपग्रेड किए जाने का काम शुरू हो जाएगा। जिसके बाद पुराना जलघर और निनान जलघर में नहरी पानी को लेकर कोई दिक्कत नहीं रहेगी और शहरवासियों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति मिलेगी।