चंडीगढ़: भोपाल सिंह खदरी बने सीएम के स्पेशल ऑफिसर, व्यापारियों ने दी बधाई
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व अध्यक्ष भोपाल सिंह खदरी को सीएम नायब सिंह सैनी का स्पेशल ऑफिसर नियुक्त किया गया है। व्यापार मंच ने दी बधाई।
चंडीगढ़ : अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व अध्यक्ष भोपाल सिंह खदरी को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्पेशल ऑफिसर (ग्रिवेंस रिड्रेसल) नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर गोपाल शरण गर्ग ने भोपाल सिंह खदरी को माला एवं सम्मान स्वरूप पटका पहनाकर उनका अभिनंदन किया। साथ ही उन्हें बुके भेंट कर मिठाई खिलाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में समाजसेवी सतीश गर्ग भी उपस्थित रहे। इस मौके पर गोपाल शरण गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में भोपाल सिंह खदरी जैसे कर्मशील, अनुभवी और योग्य अधिकारी की नियुक्ति राज्य सरकार का सराहनीय निर्णय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि खदरी अपनी कार्यकुशलता, प्रशासनिक अनुभव और जनहित के प्रति समर्पित सोच के बल पर मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष के रूप में भोपाल सिंह खदरी ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए थे, जिससे प्रदेश के लाखों युवाओं का विश्वास भर्ती प्रणाली में मजबूत हुआ। उनकी ईमानदार कार्यशैली और साफ-सुथरी छवि के कारण उन्हें प्रशासनिक क्षेत्र में विशेष सम्मान प्राप्त है। गोपाल शरण गर्ग ने आशा जताई कि नई जिम्मेदारी में भी भोपाल सिंह खदरी आमजन की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सुशासन और पारदर्शी प्रशासन के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

