Birender Singh Statement on Bhupinder Hooda: पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह की भूपेंद्र हुड्डा को सलाह, सक्रिय राजनीति छोड़कर युवाओं को दें मौका

भिवानी पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने भूपेंद्र हुड्डा को सक्रिय राजनीति छोड़ने और युवाओं को मौका देने की सलाह दी।
 
Brijendra Singh Bhiwani conference

भिवानी। भिवानी पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेन्द्र सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा को सक्रिय राजनीति छोड़कर युवाओं को मौका देने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि वे उनसे मिलकर मार्गदर्शक मंडली में आने को कहेंगे। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि हुड्डा को जन्मदिन की बधाई देने के लिए फोन किया लेकिन उन्होंने उठाया नहीं। इसलिए मेरी सलाह है कि वे राजनीति छोड़ दें।

बीरेन्द्र सिंह अपने बेटे एवं पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह की ओर से 27 सितंबर को भिवानी में करवाए जा रहे जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन की रूपरेखा तैयार करने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि भूपेंद्र हुड्डा को राजनीति में मैं ही लाया था। अब उन्हें युवाओं को मौका देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह हुड्डा से कहेंगे कि कांग्रेस किसी की बपौती नहीं है और सभी मिलकर चलें। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश में ऐसी परिस्थिति पैदा कर रही है कि हमेशा उसी का राज रहे। राहुल गांधी के मुताबिक भाजपा से लड़ना है तो सभी दलों को कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ना होगा। हरियाणा में तो कांग्रेस को खुद ही एकजुट होना होगा।

एक सवाल के जवाब में कहा कि हरियाणा कांग्रेस की गुटबाजी ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर एक माह तक मनाए जा रहे उत्सव पर बीरेन्द्र सिंह ने चुटकी ली और जब धीरेन्द्र बाबा का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाता है तो मोदी तो सबसे बड़े बाबा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की ओर से राहुल गांधी को ‘नाराज फूफा’ कहे जाने को गलत बताया।

‘न टायर्ड, न रिटायर्ड’ बयान पर ली चुटकी
भूपेंद्र हुड्डा के ‘न टायर्ड, न रिटायर्ड’ वाले बयान पर बीरेन्द्र सिंह ने कहा कि यह तो वह भी कह सकते हैं। अटल बिहारी वाजपेयी ने भी कहा और नरेंद्र मोदी ने भी। दो दिन बाद मोदी 75 साल के हो जाएंगे लेकिन रिटायर्ड नहीं होंगे। हरियाणा कांग्रेस की कमान हुड्डा के बजाय बृजेन्द्र सिंह संभाल सकते हैं या नहीं इस सवाल पर कहा कि बृजेन्द्र सिंह का पता नहीं। मुझसे पूछें तो मैं तैयार हूं।