हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र:गवर्नर बोले- हिसार एयरपोर्ट से जल्द उड़ानें शुरू होंगी 

 
हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र:गवर्नर बोले- हिसार एयरपोर्ट से जल्द उड़ानें शुरू होंगी 

चंडीगढ़।

हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र-2025-26 आज से शुरू हो गया है। गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय ने राम-राम कहकर अभिभाषण शुरू किया। गवर्नर ने कहा- हरियाणा सरकार का मकसद सभी वर्गों का उत्थान करने का है। इसीलिए समाज के गरीब और पिछड़े लोगों के उत्थान के लिए पंचायतों में आरक्षण की व्यवस्था की गई। निकायों में भी सरकार ने पिछड़ा वर्ग-बी को आरक्षण दिया है।

गवर्नर ने कहा- मानसून देरी से आने के कारण सरकार ने किसान को मुआवजे के रूप में फसल बुआई के समय ही करीब 1300 करोड़ रुपए दिए। हरियाणा ही अकेला ऐसा राज्य है जो 24 फसलों पर MSP दे रहा है। सरकार ने 'हर घर-हर गृहिणी योजना' में 13 लाख से अधिक गरीब परिवारों को हर महीने 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिए।

गवर्नर ने कहा कि प्रदेश में ग्रुप C-D की भर्तियों के लिए सरकार ने इंटरव्यू की व्यवस्था खत्म कर सीधी भर्ती के रास्ते खोले। सरकार ने अब तक एक लाख 22 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि रावी-ब्यास नदियों के पानी का हमारा वैध हिस्सा और SYL नहर को पूरा करवाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

गवर्नर ने कहा- हिसार में महाराजा अग्रसेन के नाम पर प्रदेश का पहला हवाई अड्डा बनाया गया है। जल्द ही यहां से हवाई उड़ानें शुरू की जाएंगी। अंबाला में भी 20 एकड़ भूमि पर एक घरेलू एयरपोर्ट बनाया जा रहा है। इसके अलावा ग्लोबल सिटी गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ-साथ 1,000 एकड़ क्षेत्र पर औद्योगिक और बिजनेस हब विकसित किया जा रहा है।

सरपंचों को बिना टेंडर के 21 लाख रुपए तक के विकास कार्य करवाने के अधिकार दिए गए हैं। 2015 से लेकर अब तक 2,145 अवैध कॉलोनियां नियमित की गई हैं।

CM नायब सैनी बतौर वित्त मंत्री 17 मार्च को पहली बार बजट पेश करेंगे। इस बार 1.95 लाख करोड़ का बजट पेश होने की संभावना है। इससे पहले 2024 में तत्कालीन मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने 1.89 लाख करोड़ का बजट पेश किया था।

वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस बजट सत्र में भी बिना नेता प्रतिपक्ष के ही हिस्सा ले रही है। गुरुवार को मीटिंग कर कांग्रेस ने बेरोजगारी, पेपर लीक, कर्ज, किसानों की समस्याओं और प्रदेश में खराब हो रहे लॉ एंड ऑर्डर पर सरकार को घेरने की तैयारी की है। बजट सत्र 28 मार्च तक चलेगा।