Haryana Social Welfare News: असहाय और बीमार बुजुर्गों की देखभाल करने वाली मातृशक्ति का सम्मान, पौधे लगाने का भी संदेश

बुडानिया सेवा Trust की अनोखी पहल। बीमार और असहाय बुजुर्गों की सेवा करने वाली महिलाओं को किया जाएगा विशेष रूप से सम्मानित।
 
Ashok Budania

कैरू। गांव खापड़बास स्थित बाबा नागा पर मंगलवार को बुड़ानिया सेवा ट्रस्ट ने समाजहित में नई मुहिम की शुरुआत की। ट्रस्ट ने असहाय, बीमार और चारपाई पर पड़े बुजुर्ग माता-पिता व सास-ससुर की निष्ठा से सेवा करने वाली महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित करने का निर्णय लिया है।

ट्रस्ट की ओर से अशोक बुडानिया ने बताया कि आज के दौर में बुजुर्गों की देखभाल और सम्मान में कमी आती जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट ने मातृशक्ति से अपील की है कि वे अपने घर के असहाय और बीमार बुजुर्गों की पूरी निष्ठा से सेवा-संभाल करें। ऐसी महिलाओं को ट्रस्ट की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

अशोक बुडानिया ने बताया कि पर्यावरण को हरा-भरा रखने और युवा पीढ़ी को जागरूक करने के लिए ट्रस्ट बच्चों के जन्मदिन पर निशुल्क पौधरोपण भी कराता है। इसके अलावा जागरण के पावन अवसर पर गांव खापड़वास के कक्षा 10वीं और 12वीं के सभी मेधावी व प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सुमित, गौतम, विजय शर्मा इंदीवाली, रविंद्र माठ, संदीप, सुनील, मुनेश और अजय सहित अनेक ग्रामीण व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।