Vijaypal Singh Statement: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव से पहले AAP ने बीजेपी को घेरा, सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठाये सवाल

चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के सड़क विवाद और थप्पड़ कांड के विरोध में प्रदर्शन किया है। पार्टी ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच की मांग की है।

 
Chandigarh municipal election issues

चंडीगढ़: दिल्ली में सड़क निर्माण को लेकर हुए विवाद और एक युवक को थप्पड़ मारे जाने की घटना के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) की चंडीगढ़ इकाई ने बुधवार को सेक्टर-34 में प्रदर्शन किया. पार्टी कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब के पास एकत्र होकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर कूच करने का प्रयास किया.

दिल्ली विवाद बना प्रदर्शन का मुद्दा: AAP नेताओं ने दिल्ली के विकासपुरी इलाके में सड़क निरीक्षण के दौरान हुए विवाद को प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा बनाया. सामने आए वीडियो में दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आए थे. पुलिस ने बाद में वर्मा के खिलाफ NCR दर्ज की, जबकि सड़क निर्माण स्थल पर कथित तौर पर काम में बाधा और धमकी से जुड़ी शिकायत के आधार पर AAP विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई.

सड़क की गुणवत्ता पर सवाल: AAP नेताओं का कहना था कि दिल्ली में विवाद की शुरुआत सड़क की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों से हुई थी. पार्टी के मुताबिक, जरनैल सिंह ने सड़क की परत और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे. AAP ने आरोप लगाया कि सड़क की गुणवत्ता पर जवाब देने के बजाय विवाद को दूसरे मुद्दों की ओर मोड़ दिया गया.

AAP ने कहा- "जांच जरूरी": प्रदर्शन के दौरान एक AAP नेता ने कहा कि, "सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और उसकी गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारी तय हो. सार्वजनिक धन से होने वाले विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है."

भाजपा के आरोपों पर AAP का पलटवार: दिल्ली मामले में भाजपा की ओर से जरनैल सिंह पर सड़क का काम रुकवाने और ठेकेदार से कथित तौर पर पैसे मांगने के आरोप लगाए गए हैं. प्रवेश वर्मा ने भी दावा किया था कि AAP विधायक PWD अधिकारियों पर ठेकेदार से संपर्क कराने और कमीशन दिलाने का दबाव बना रहे थे. जरनैल सिंह ने इन आरोपों को खारिज किया है.

वर्मा ने अपने पक्ष में कही यह बात: घटना के बाद प्रवेश वर्मा ने कहा था कि, "मौके पर AAP कार्यकर्ताओं की ओर से उनके परिवार के बारे में आपत्तिजनक बातें कही गईं और गुस्से में उन्होंने प्रतिक्रिया दी. जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था." वहीं, दूसरी ओर AAP कार्यकर्ता साहिब सिंह ने कहा कि, "वह मौके की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे और उन्होंने मंत्री के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया. दोनों पक्षों की शिकायतों की पुलिस जांच हुई है."

चंडीगढ़ के पुराने मामलों का भी जिक्र: प्रदर्शन के दौरान AAP नेताओं ने चंडीगढ़ में भाजपा नेताओं से जुड़े पुराने विवादों का भी उल्लेख किया. उनका कहना था कि जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों में आम लोगों और अधिकारियों के साथ व्यवहार तथा सार्वजनिक जवाबदेही के सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए. पार्टी नेताओं ने कहा कि सड़क, सफाई और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे जनता के सामने उठाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है.

नगर निगम चुनाव से जोड़ा मुद्दा: प्रदर्शन में AAP नेताओं ने आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि शहर में सड़क, सफाई और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठाएगी. नेताओं ने कहा कि विकास कार्यों पर खर्च होने वाले सार्वजनिक धन का हिसाब और काम की गुणवत्ता दोनों महत्वपूर्ण मुद्दे हैं.

आंदोलन जारी रखने की चेतावनी: AAP प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल सिंह ने कहा कि, "सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए. दिल्ली की घटना में भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा."