Municipal Corporation Chandigarh: नगर निगम समिति ने पास किया प्रस्ताव, अब कम लागत में अपनी फसल बेच सकेंगे किसान

चंडीगढ़ के स्थानीय किसानों को सेक्टरों की अपनी मंडी में स्टॉल लगाने पर 50% कम शुल्क देना होगा। नगर निगम ने दी मंजूरी।
 
farmers market Chandigarh

चंडीगढ़: चंडीगढ़ के स्थानीय किसानों को अब सेक्टरों में लगने वाली "अपनी मंडी-डे मार्केट" में स्टॉल लगाने के लिए 50 प्रतिशत कम शुल्क देना होगा. नगर निगम समिति ने शुल्क में छूट के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी है.

सिद्धू ने रखा प्रस्ताव: शुल्क कम करने का प्रस्ताव पार्षद सतिंदर सिंह सिद्धू ने समिति की बैठक में रखा था. सदस्यों ने किसानों को राहत देने वाले इस प्रस्ताव पर सहमति जताई. इसका उद्देश्य स्थानीय किसानों को कम लागत में अपनी उपज बेचने के लिए बाजार उपलब्ध कराना है.

सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचेगी उपज: शुल्क में कमी से किसानों पर मंडी में बिक्री का आर्थिक बोझ कम होगा. वे फल, सब्जियों और अन्य कृषि उत्पादों को सीधे शहरवासियों तक पहुंचा सकेंगे. इससे स्थानीय उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा मिलने और किसानों की बिचौलियों पर निर्भरता घटने की उम्मीद है.

किसानों और ग्राहकों को फायदा: "अपनी मंडी" के माध्यम से चंडीगढ़ में स्थानीय स्तर पर कृषि उत्पादों की बिक्री पहले से होती रही है. शुल्क कम होने से किसानों को अधिक आसानी से स्टॉल उपलब्ध कराने और शहरवासियों को स्थानीय ताजा उपज खरीदने का अवसर मिलेगा.

गांवों को शहर से जोड़ने पर जोर: सिद्धू ने कहा कि, "चंडीगढ़ के गांवों के किसान शहर की पहचान और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. उन्हें बाजार मिलने से किसान और उपभोक्ता के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा. चंडीगढ़ के गांवों, किसानों और स्थानीय भूमि मालिकों से जुड़े मुद्दों को नगर निगम के मंच पर प्राथमिकता से उठाया जाएगा."