चंडीगढ़: करोड़ों के क्रेस्ट घोटाले में अकाउंट ऑफिसर नलिनी मलिक फरार, छापेमारी

चंडीगढ़ नगर निगम और क्रेस्ट घोटाले में बड़ा खुलासा! अकाउंट ऑफिसर नलिनी मलिक की तलाश में करनाल में छापेमारी। प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुखविंदर के रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर हुए करोड़ों।

 
करोड़ों की हेराफेरी न्यूज़

चंडीगढ़: नगर निगम और क्रेस्ट के करोड़ों रुपए के घोटले में अकाऊंट ऑफिसर की अहम भूमिका सामने आई है। सीनियर अफसरों ने अकाऊंट ऑफिसर नलिनी मलिक के साथ करोड़ों रुपए दूसरे लोगों के खाते में ट्रांसफर किए थे। आर्थिक अपराध शाखा पुलिस आरोपी अकाऊंट ऑफिसर महिला की तलाश में करनाल में छापेमारी कर रही है। पुलिस को शक है कि वह करनाल में किसी रिश्तेदार के घर ठहरी थी। पुलिस की टीम उस घर में पहुंची और आसपास पूछताछ की लेकिन नलिनी पहले ही फरार हो गई थी।

वहीं, आर्थिक अपराध शाखा पुलिस रिन्यूएबल एनर्जी एंड साइंस एंड टैक्नोलॉजी प्रोमोशन सोसायटी (क्रेस्ट) के प्रोजैक्ट डायरैक्टर सुखविंदर अबरोल से करोड़ों रुपए टांसफर बा पता कर रही है। जांच में पता चला कि ज्यादातर रकम सुखविंदर के रिश्तेदारों के खाते में ट्रांसफर हुई थी। रिश्तेदारों को कमीशन देकर सुखविंदर ने रुपए हासिल किए थे। पुलिस अब जिन जिन के खाते में करोड़ों रुपए ट्रांसफर हुए हैं उन्हें सम्मन देकर पूछताछ के लिए बुला रही है ताकि पुलिस रकम की रिकवरी कर सके। पुलिस सूत्रों की मानें तो सुखविंदर के ज्यादातर रिश्तेदार तो घरों के ताले जड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस टीमें मोबाइल लोकेशन से पता करने में लगी हैं।