चंडीगढ़: GMCH-32 में MBBS छात्र ने की खुदकुशी, पुलिस जांच में जुटी
चंडीगढ़ के GMCH-32 अस्पताल में एमबीबीएस चौथे वर्ष के 23 वर्षीय छात्र ने खुदकुशी की। पंजाब के तरनतारन का रहने वाला था छात्र, पुलिस कर रही है जांच।
चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH-32) में मंगलवार को एक दुखद घटना सामने आई. यहां एमबीबीएस चौथे वर्ष के 23 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर खुदकुशी कर ली. आनन-फानन में उसे सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पंजाब का रहने वाला था मृतक: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मनदीप डंग (23) निवासी पिंडर सिंह संधू, जिला तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
जांच में जुटी पुलिस: पुलिस के मुताबिक घटना के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं. पुलिस छात्र के परिजनों, दोस्तों और कॉलेज से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही अस्पताल परिसर और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके. मामले में पुलिस ने कहा कि, "शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. परिजनों, दोस्तों और कॉलेज से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर सही जानकारी दी जाएगी."

