Lakhwinder Wadali Prabh Gill Updates : 6 दिसंबर तक चलेगा शिल्प मेला, देखें साध्वी पूर्णिमा और लखविंदर वडाली समेत कलाकारों का पूरा शेड्यूल

चंडीगढ़ के कलाग्राम में 27 नवंबर से 6 दिसंबर तक राष्ट्रीय शिल्प मेला; 17 राज्यों के 450 कलाकार, गायकों का शेड्यूल, सुरक्षा और पीयू सेमिनार की पूरी जानकारी।
 
Chandigarh culture and events news today Hindi

चंडीगढ़: कला और संस्कृति के प्रेमियों का इंतजार अब खत्म हो गया है। हर साल की तरह इस बार भी चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित कलाग्राम में एक साथ कई राज्यों की संस्कृति का संगम होने जा रहा है। 27 नवंबर यानी शुक्रवार की शाम कलाग्राम में राष्ट्रीय शिल्प मेले की शुरुआत होगी, जिसके उद्घाटन अवसर पर पंजाब के गवर्नर और यूटी के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

इस राष्ट्रीय शिल्प मेले का आयोजन चंडीगढ़ प्रशासन के सांस्कृतिक कार्य विभाग और नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर पटियाला संयुक्त रूप से करते हैं। मेले में रोजाना सूफी एवं पंजाबी गायकों और अन्य कलाकार भी लोगों का मनोरंजन करेंगे।

🎭 17 राज्यों के 450 कलाकारों का एक मंच

इस नेशनल शिल्प मेले में देश भर के 17 राज्यों के करीब 450 कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। सबसे अनोखा दृश्य वह होगा जब, उद्घाटन समारोह के दौरान सभी 450 कलाकार एक साथ 45 मिनट तक अपनी कला की प्रस्तुति देंगे। ये दृश्य काफी रोमांच भरा और आनंददायक होगा, जब कलाकार एक साथ एक मंच पर अपने-अपने राज्यों की संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे।

🌟 चंडीगढ़ संस्कृतियों का संगम

इस राष्ट्रीय शिल्प मेले की थीम “चंडीगढ़ संस्कृतियों का संगम” रखी गई है। ये मेला 6 दिसंबर तक जारी रहेगा। इस बार कई राज्यों के कलाकार पहली बार इस शिल्प मेले में पहुंचे हैं, जो अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए काफी उत्सुक दिखाई दिए। प्रदर्शन को पूरी तरह प्रभावी बनाने के लिए सभी कलाकार अपने-अपने समूह के साथ रिहर्सल करने में जुटे हैं।

🎤 इस दिन गायक और कलाकार करेंगे परफॉर्म
  • 27 नवंबर: साध्वी पूर्णिमा

  • 28 नवंबर: सूफी पंजाबी गायक लखविंदर वडाली

  • 29 नवंबर: पंजाबी गायक आर. नेट

  • 30 नवंबर: सोमवीर कथुरवाल

  • 30 नवंबर: कविता शोबू

  • 01 दिसंबर: ललित मोहन जोशी

  • 02 दिसंबर: आभा हंजूरा

  • 03 दिसंबर: ठाकुर दास राठी

  • 03 दिसंबर: रीटा परहन

  • 04 दिसंबर: गगन कोकरी

  • 04 दिसंबर: नवीन पुनिया

  • 05 दिसंबर: प्रभ गिल

  • 06 दिसंबर: पंजाबी गायक प्रीत हरपाल

🛍️ शिल्प के सजावटी और अनूठे सामान के स्टॉल

हर साल की तरह इस बार भी लोग मेले में लग रहे विभिन्न स्टॉल पर शिल्प का अलग-अलग तरह का सजावटी और घरों में इस्तेमाल होने वाला सामान खरीद सकेंगे। व्यक्तिगत इस्तेमाल के लिए भी इन स्टॉलों पर कई तरह के उत्पाद सजाए गए हैं। इसके अलावा बच्चों, महिलाओं, बड़ों और बुजुर्गों के लिए भी कई तरह के उत्पाद यहां मिलेंगे।

👮‍♂️ ऐसी होगी सुरक्षा व्यवस्था

हर बार की तरह मेले के सभी प्रवेश और निकासी द्वार पर निजी एजेंसी के बाउंसर ड्यूटी देंगे। जबकि सुरक्षा की मुख्य जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी, जिसके लिए स्थानीय थाना पुलिस और पीसीआर के पुलिसकर्मी भी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। इसके अलावा मेले में लोगों के भारी संख्या में पहुंचने की आशंका के चलते यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी मुख्य सड़क पर ड्यूटी पर मुस्तैद होंगे।

🎓 पीयू के गांधी भवन में भी सेमिनार

पहली बार इस मेले का एक हिस्सा पंजाब यूनिवर्सिटी में आयोजित किया जा रहा है। आगामी 1 और 2 दिसंबर को पीयू के गांधी भवन में कालिदास पीठ, पंजाब विश्वविद्यालय के सहयोग से सेमिनार आयोजित कराया जा रहा है। इसकी शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी। ये सेमिनार भी लोक साहित्य, कला और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रहेगा।

इसमें पद्मश्री प्रो. संत राम देसवाल समेत प्रो. अशोक कुमार, प्रो. महा सिंह पूनिया, प्रो. प्रतिभा राणा, डॉ. सुरेश सिंह, प्रो. शिव प्रसाद शुक्ला, डॉ. सूरत ठाकुर, प्रो. फारूक फयाज, डॉ. भवानी सिंह, प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा, प्रो. हरप्रीत सिंह, प्रो. सुनील कुमार चर्चा करेंगे।

नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर पटियाला के डायरेक्टर डॉ. अश्विन दलवी ने सेमिनार का मकसद लोक साहित्य और सांस्कृतिक परंपराओं के महत्व को प्रमुखता दिलाना और इनका संरक्षण कर इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयासों को प्रोत्साहित करना बताया।