CM Nayab Saini News 2026: चंडीगढ़ में होगा ‘फिजियो हारकॉन-2027’ सम्मेलन: सीएम नायब सिंह सैनी ने किया विवरणिका का अनावरण
चंडीगढ़: हरियाणा में फिजियोथेरेपी के क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में हरियाणा चार्टर्ड एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा पांचवें अंतरराष्ट्रीय फिजियोथेरेपी सम्मेलन ‘फिजियो हारकॉन-2027’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष, हरियाणा चार्टर्ड एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट (रजि.) डॉ. आर के मुदगिल ने यह जानकारी दी।
📢 विवरणिका का अनावरण और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
डॉ. आर के मुदगिल ने बताया कि सम्मेलन की आधिकारिक विवरणिका और आमंत्रण का अनावरण मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, विधायक लक्ष्मण यादव, विधायक तेजपाल तंवर तथा हरियाणा चार्टर्ड एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आर के मुदगिल व अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
📅 13 और 14 फरवरी 2027 को चंडीगढ़ में जुटेंगे विशेषज्ञ
डॉ. आर के मुदगिल ने बताया कि सम्मेलन 13 और 14 फरवरी 2027 को चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के फिजियोथेरेपी विशेषज्ञों, चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। सम्मेलन के माध्यम से आधुनिक उपचार पद्धतियों, नवीन शोध, चिकित्सा तकनीकों और फिजियोथेरेपी क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। डॉ. आर के मुदगिल ने बताया कि आयोजकों ने मुख्यमंत्री का सम्मेलन को प्रोत्साहन देने, समय देने और हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं व फिजियोथेरेपी के विकास के प्रति निरंतर सहयोग के लिए आभार जताया। साथ ही उनको ‘फिजियो हारकॉन-2027’ में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए निमंत्रण भी दिया।
🌐 फिजियोथेरेपी को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच
सम्मेलन का उद्देश्य फिजियोथेरेपी से जुड़े विशेषज्ञों और विद्यार्थियों को एक साझा मंच उपलब्ध करवाना है, जहां वे अपने अनुभव, शोध और उपचार तकनीकों का आदान-प्रदान कर सकें। सम्मेलन से चिकित्सा क्षेत्र में अकादमिक सहयोग बढ़ने के साथ फिजियोथेरेपी सेवाओं की गुणवत्ता और पेशेवर दक्षता को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। सम्मेलन के आधिकारिक शैक्षणिक सहयोगी के रूप में कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज, करनाल जुड़ा रहेगा।