RLDA Foot Over Bridge Work Chandigarh: अंबाला कैंट तक सीमित रहेंगी ट्रेनें, त्योहारों के सीजन में यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें
चंडीगढ़ : रेलवे स्टेशन के इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य के चलते यात्रियों को अगले 36 दिनों तक ट्रेनों के संचालन में बड़े बदलाव का सामना करना पड़ेगा. रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) की ओर से चंडीगढ़ स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज के शेष गर्डरों की लॉन्चिंग और पुराने एफओबी के गर्डरों को हटाने का काम किया जाना है. इसके लिए 10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक तीन चरणों में पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिए जाएंगे.
12 ट्रेनें रद्द रहेंगी : रेलवे के अनुसार इस अवधि में 12 ट्रेनों की कुल 442 यात्राएं रद्द रहेंगी. इसके अलावा छह ट्रेनों की 54 यात्राएं चंडीगढ़ की जगह अंबाला कैंट से शुरू या समाप्त होंगी, जबकि दो ट्रेनों की चार यात्राओं का मार्ग बदला जाएगा. यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ ट्रेनों को मोहाली स्टेशन पर अस्थायी ठहराव भी दिया जाएगा.
तीन चरणों में होगा काम : पहले चरण में 10 से 21 सितंबर तक लाइन नंबर 6, 7 और 8 पर ब्लॉक रहेगा. इनमें लाइन नंबर 6 प्लेटफॉर्म नंबर 5 और लाइन नंबर 8 प्लेटफॉर्म नंबर 6 से जुड़ी है, जबकि लाइन नंबर 7 नॉन-प्लेटफॉर्म लाइन है. दूसरे चरण में 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक लाइन नंबर 4 और 5 पर काम होगा. ये दोनों प्लेटफॉर्म नंबर 3 और 4 से जुड़ी हैं. तीसरे चरण में 4 से 15 अक्टूबर तक लाइन नंबर 1, 2 और 3 पर ब्लॉक रहेगा. इनमें प्लेटफॉर्म नंबर 2 से जुड़ी लाइनें भी शामिल हैं.
कई रूटों पर असर : ब्लॉक का असर दिल्ली-कालका, चंडीगढ़-अमृतसर, चंडीगढ़-फिरोजपुर, अंबाला-जालंधर सिटी, अंबाला-दिल्ली और अंबाला-कालका रूट पर पड़ेगा. इन प्रमुख सेवाओं की बड़ी संख्या में यात्राएं रद्द की गई हैं. फिरोजपुर-चंडीगढ़ सेवा प्रभावित होने से श्रीगंगानगर, अबोहर और फाजिल्का क्षेत्र के यात्रियों पर भी असर पड़ेगा. इस रूट से चंडीगढ़ आने वाले यात्रियों को इन दिनों वैकल्पिक ट्रेन या सड़क परिवहन का सहारा लेना पड़ सकता है. अमृतसर रूट के यात्रियों को भी अपनी यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है.
अंबाला कैंट तक सीमित : इसके अलावा 15063/15068, 12983/12984 और 20989/20990 जैसी छह ट्रेनों की कुल 54 यात्राओं को निर्धारित तारीखों पर अंबाला कैंट तक सीमित किया जाएगा. ट्रेन 20989 को अंबाला कैंट पर समाप्त कर वहीं से वापस चलाया जाएगा.
दो ट्रेनों का बदलेगा रूट : 14615/14616 लालकुआं-अमृतसर-लालकुआं सेवा की चार निर्धारित यात्राओं का मार्ग बदला जाएगा. ये ट्रेनें चंडीगढ़ के बजाय अंबाला-सरहिंद-सानेहवाल मार्ग से चलेंगी और चंडीगढ़ को बाईपास करेंगी. यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर अस्थायी अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा. इनमें 18309/18101, 18310/18102, 11905/11906, 15531/15532 और 14631/14632 समेत निर्धारित सेवाएं शामिल हैं.
76 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलेंगे : ब्लॉक के दौरान 76 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म या बर्थिंग में अस्थायी बदलाव किया गया है. पहले चरण में 20, दूसरे चरण में 17 और तीसरे चरण में 39 ट्रेनों का प्लेटफॉर्म बदलेगा. इनमें दिल्ली जाने वाली शताब्दी, अजमेर-चंडीगढ़ वंदे भारत और हावड़ा-कालका मेल जैसी प्रमुख ट्रेनें भी शामिल हैं. रेलवे ने स्पष्ट किया है कि 36 दिन के इस ब्लॉक की अवधि बढ़ाने की गुंजाइश नहीं है. इसलिए RLDA को निर्धारित समय में एफओबी और छत से जुड़े काम पूरे करने होंगे. स्टेशन पर यात्रियों को जानकारी देने के लिए अतिरिक्त आरपीएफ और वाणिज्यिक स्टाफ की तैनाती भी की जाएगी.
त्योहारों के सीज़न में व्यवधान : त्योहारों के सीजन में यह व्यवधान यात्रियों के लिए ज्यादा परेशानी वाला हो सकता है. 10 सितंबर से शुरू होकर यह अवधि गणेशोत्सव, विश्वकर्मा पूजा, अनंत चतुर्दशी, पितृ पक्ष और नवरात्रि की शुरुआत तक चलेगी. ऐसे में त्योहारों के दौरान चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला और आसपास के इलाकों से आने-जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की पहले से योजना बनानी होगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा है कि स्टेशन पहुंचने से पहले NTES, रेल मदद 139, स्टेशन पूछताछ काउंटर और रेलवे की अधिकृत सूचनाओं से ट्रेन का संचालन, समय, ठहराव और प्लेटफॉर्म जरूर जांच लें.