Sector 22 Murder Case Update: हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग, लकी पटियाल गैंग से जुड़ाव की आशंका

चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में नाबालिग छात्र की हत्या के मामले में आरोपी शूटर और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हुआ है।

 
Chandigarh police encounter

चंडीगढ़। चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में एक नाबालिग छात्र की सनसनीखेज गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस की ऑपरेशन सेल और मुख्य शूटर के बीच मुठभेड़ होने की खबर सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद हथियार बरामदगी के लिए उसे सेक्टर-50 के जंगलों की तरफ ले गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की गई कार्रवाई में गोली उसके पैर में जा लगी।

🔍 लकी पटियाल गैंग से कनेक्शन की आशंका: छात्र हत्याकांड के पीछे की साजिश और हथियारों की सप्लाई खंगाल रही पुलिस

आरंभिक तौर पर घायल शूटर का संबंध कुख्यात गैंगस्टर लकी पटियाल के गिरोह से जोड़ा जा रहा है, हालांकि पुलिस अधिकारियों की ओर से इसकी विस्तृत और आधिकारिक पुष्टि आनी बाकी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से ही पुलिस लगातार विभिन्न एंगल से तफ्तीश कर रही थी। अब मुठभेड़ के बाद पुलिस के सामने इस बात का खुलासा करने की चुनौती है कि इस वारदात के पीछे क्या कोई बड़ी सुपारी किलिंग की साजिश थी या इसका संबंध मोहाली में हुई अन्य फायरिंग की घटनाओं से है।