Sector 42 Lake Chandigarh Chhath Puja: झील पर रंग-रोगन, पावर बैकअप और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; अधिकारियों को निर्देश जारी

चंडीगढ़ के सेक्टर-42 स्थित झील पर छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, CCTV निगरानी, बिजली, रोशनी और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

 
CB Ojha Chief Engineer Chandigarh

चंडीगढ़। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर चंडीगढ़ के प्रसिद्ध सेक्टर-42 स्थित झील पर तैयारियां काफी तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहूलियत और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन का इंजीनियरिंग विभाग सफाई, रोशनी, बिजली आपूर्ति, पार्किंग और निगरानी व्यवस्था को समय रहते पूरा करने में जुट गया है। मुख्य अभियंता सीबी ओझा ने वरिष्ठ अधिकारियों और पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों (अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, बीके सिंह और चंद्रमा मिश्रा) के साथ झील परिसर का दौरा कर चल रहे कार्यों का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

📹 CCTV कैमरों और 24 घंटे चलने वाले कंट्रोल रूम से होगी निगरानी: पुल की मरम्मत, पावर बैकअप और पार्किंग के विशेष इंतजाम

छठ पूजा के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूरे झील परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने और 24 घंटे क्रियाशील रहने वाला कंट्रोल रूम स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही पूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु पावर बैकअप की विशेष व्यवस्था की जा रही है। मुख्य अभियंता सीबी ओझा ने झील परिसर स्थित पुल की मरम्मत, रंग-रोगन, स्वच्छता अभियान और वाहनों के सुगम आवागमन हेतु पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पर्व शुरू होने से पहले सभी विभाग आपसी तालमेल बनाकर कार्य पूर्ण करें ताकि पूर्वांचल समाज के श्रद्धालुओं को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।