Japan Exhibition News 2026: चंडीगढ़ के छात्र अर्जुन कुमार का कमाल: बनाया अनोखा ‘पेट ट्रेनिंग प्रोजेक्ट’, अब जापान प्रदर्शनी में दिखेगा मॉडल

चंडीगढ़ के सरकारी स्कूल के छात्र अर्जुन कुमार ने बनाया अनोखा ‘पेट ट्रेनिंग प्रोजेक्ट’; राष्ट्रीय टॉप-60 में चयन के बाद अब जापान प्रदर्शनी में दिखेगा मॉडल।
 
exhibition news

पंचकूला। तेजी से बदलते जा रहे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में लोगों के पास समय की कमी है। वहीं, दूसरी ओर बहुत से लोगों को अपने घरों में पसंदीदा एनिमल जैसे- पेट (डॉग) और कैट रखने का भी शौक है, लेकिन समय की कमी आड़े आ जाती है। क्योंकि इन पेट्स के साथ समय बिताना पड़ता है, सैर के लिए ले जाना पड़ता है और शारीरिक गतिविधियों के लिए उनके साथ खेलना भी पड़ता है।

यदि आपके पास पेट के साथ खेलने का समय नहीं है तो भी अब चिंता की बात नहीं। क्योंकि हम आपको आज चंडीगढ़ के सरकारी स्कूल के एक छात्र द्वारा बनाए गए ऐसे पेट ट्रेनिंग प्रोजेक्ट (PTP) के बारे में बताने जा रहे हैं, जो अधिकांश कार्यों में आपका बड़ा मददगार बन सकता है। विशेष रूप से उस समय, जब आप घर पर अपने पेट के साथ न भी हों लेकिन वह फिर भी यही सोचे कि "अकेले हैं तो क्या गम है"। यदि आपकी दिलचस्पी बढ़ रही है तो इस खबर को पढ़कर और छात्र के प्रोजेक्ट की संपूर्ण जानकारी सुनने के बाद उत्सुकता बढ़ना तय है।

🎾 ट्रेनिंग प्रोजेक्ट ग्राउंड और डाइट दोनों

इस पेट ट्रेनिंग प्रोजेक्ट को चंडीगढ़ के डड्‌डूमाजरा स्थित सरकारी स्कूल के बारहवीं कक्षा के छात्र अर्जुन कुमार ने बनाया है। अर्जुन ने इस प्रोजेक्ट का नाम पेट ट्रेनिंग प्रोजेक्ट बताया। साथ ही कहा कि, "इसकी मदद से पालतू पेट या कैट घर पर अकेले होने के बाद भी अपनी शारीरिक गतिविधि (खेल) में व्यस्त रहेगा और उसे उसकी डाइट भी मिलती रहेगी। इसके लिए पेट को इस ट्रेनिंग प्रोजेक्ट के टास्क यानी कि तीन स्तर पार करने होंगे। इसके बाद एक बॉल उछलकर कुछ दूरी पर जाकर गिरेगी, जिसे उठाकर लाने के बाद जब पेट उसे समझाई गई जगह पर रखेगा तो उसे उसकी फीड (खाना) भी मिल जाएगा। ऐसे वह खेल में भी व्यस्त रहेगा और अपनी डाइट भी खाता रहेगा, यानी कि आप अपने पेट के पास नहीं हैं तो भी उसकी डाइट और खेल की चिंता आपको तंग नहीं करेगी।"

🗓️ दो सप्ताह की ट्रेनिंग जरूरी

अर्जुन ने बताया कि, "इस पेट ट्रेनिंग प्रोजेक्ट के बखूबी इस्तेमाल और चिंता मुक्त होने के लिए पहले पालतू पेट या कैट को ट्रेनिंग देनी जरूरी है। करीब दो सप्ताह की ट्रेनिंग के दौरान पेट/कैट को यह समझाना होगा कि उसे उसकी डाइट प्रोजेक्ट के तीनों स्तर (लेवल) पार करने के बाद ही मिल सकेगी। वह भी तब, जब उछलकर कुछ दूरी पर जाकर गिरी बॉल को वह दोबारा उसे समझाई गई जगह पर रखेगा। यदि आप पेट लवर हैं तो पहले आपको अपने पेट को करीब दो सप्ताह तक ट्रेनिंग देनी होगी, ताकि उसकी आदत में ऐसा करना शुमार हो जाए। फिर भले ही आप कुछ समय के लिए अपने पेट के पास न भी हों लेकिन जब उसे मिलेंगे तो वह अपने स्टाइल में आपको थैंक्यू जरूर बोलेगा।"

🌏 अंतरराष्ट्रीय प्रोग्राम के लिए चुना गया प्रोजेक्ट

दरअसल, चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित स्टेट काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एवं ट्रेनिंग (SCERT) में 54वीं राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी चल रही है। इसी वैज्ञानिक प्रदर्शनी में छात्र अर्जुन कुमार का यह प्रोजेक्ट भी दर्शाया गया है। इस पेट ट्रेनिंग प्रोजेक्ट को देखने के लिए प्रदर्शनी में पहुंच रहे लोगों में काफी उत्सुकता देखी जा रही है। हर कोई इस प्रोजेक्ट संबंधी जानकारी हासिल करने में भी रुचि लेता दिख रहा है।

🏆 "छात्रों को धनराशि देकर किया जाता है सम्मानित"

इस प्रदर्शनी के कोऑर्डिनेटर एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के प्रमुख कार्यक्रम "इंस्पायर" योजना के जिला नोडल अधिकारी अश्विनी शर्मा ने भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, "इस प्रदर्शनी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाले छात्रों को 51 हजार, 31 हजार और 21 हजार रुपये की धनराशि देकर सम्मानित किया जाता है। अन्य प्रतिभागी छात्रों को भी पांच सौ रुपये सांत्वना पुरस्कार दिए जाते हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता-2026 में 800 मॉडल लाए गए थे। इनमें से चंडीगढ़ के 11 बच्चों ने हिस्सा लिया था। इस बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में देश भर से साठ स्कूली छात्रों को चुना जाता है। इन टॉप 60 स्कूली छात्रों में चंडीगढ़ के डड्‌डूमाजरा के सरकारी स्कूल के छात्र अर्जुन कुमार और सेक्टर-40 DPS स्कूल की छात्रा हर्षिता चुनी गई हैं। अब इन छात्रों को जापान विज़िट कराया जाएगा। बीते वर्षों में चंडीगढ़ से अब तक कुल सात स्कूली छात्र अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुने गए हैं।"

🧪 कौशल शिक्षा की महत्ता बढ़ी

इस बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी को देखने के लिए शुक्रवार को चंडीगढ़ स्कूल शिक्षा निदेशक नीतिश सिंगला भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि, "ऐसी प्रदर्शनियों से बच्चों के हुनर को सामने लाने में बड़ी मदद मिलती है। अंतिम चरण में आयोजित इस प्रदर्शनी में 33 सरकारी और 17 निजी स्कूलों के छात्रों ने हिस्सा लिया है। चंडीगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग के लिए खुशी की बात है कि स्कूली छात्र नए-नए प्रोजेक्ट तैयार कर रहे हैं। अब यह प्रोजेक्ट जापान में आयोजित होने वाली प्रदर्शनी में दिखाया जाएगा। स्कूली छात्रों के हुनर को सामने लाने के लिए उचित प्लेटफॉर्म आवश्यक हैं। इसके लिए सरकारी स्कूलों में लैब और अटल टिंकरिंग लैब खोली गई हैं, ताकि बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने हुनर को दिखा सकें। शिक्षा मंत्रालय भी कौशल विकास संबंधी शिक्षा को महत्व देता है।"

🎖️ छात्रों को मिलता है सम्मान

स्कूल शिक्षा निदेशक नीतिश सिंगला ने आगे कहा कि, "पंजाब के गवर्नर एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया भी अग्रणी रहने वाले छात्रों को स्वयं सम्मानित करते हैं। बीते समय कुछ छात्रों ने संसद में भाषण दिया तो गवर्नर द्वारा उन्हें विशेष रूप से बुलाकर सम्मानित किया गया। जो स्कूली छात्र 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करते हैं, उनके लिए भी विशेष रूप से कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, ऐसे ही खेलों में अग्रणी रहने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाता है।"