चंडीगढ़: सूरजपुर और रामपुर सियुड़ी में हाईवे पर बनेगा फुट ओवर ब्रिज
जीरकपुर-परवाणु नेशनल हाईवे नंबर 5 पर स्थित सूरजपुर और रामपुर सियुड़ी गांव में फुट ओवर ब्रिज के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। NHAI ने ₹1.19 करोड़ मंजूर किए।
चंडीगढ़ : शिवालिक विकास मंच प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव विजय बंसल एडवोकेट ने गांव सूरजपुर और रामपुर सियुड़ी वासियों के लिए एक अच्छी खबर का ऐलान करते हुए बताया कि जीरकपुर परवाणु नेशनल हाईवे नंबर 5 पर स्थित उपरोक्त गांव की समस्या के समाधान के लिए अंबाला के सांसद वरुण चौधरी की मांग पर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने फुट ओवर ब्रिज बनाने को हरी झंडी देते हुए एफ ओ बी का निर्माण कार्य एक कंपनी को अलॉट भी कर दिया है। विजय बंसल ने बताया कि इसके लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने एक करोड़ 19 लाख 70 हजार 117 रुपए की राशि मंजूर की है।
विजय बंसल एडवोकेट ने बताया कि अंबाला से कांग्रेस के सांसद वरुण चौधरी ने अपने पिंजौर- कालका दौरे के दौरान गांव सूरजपुर और रामपुर निवासियों की समस्याएं सुनी थी तब लोगों ने एनएचएआई द्वारा हाईवे के डिवाइडर पर ऊंची ऊंची लोहे की ग्रिल लगाकर उनका रास्ता बंद करने की समस्या बताते हुए यहां पर फुटओवर ब्रिज बनाने की मांग की थी। क्योंकि सड़क के एक ओर जहां गांव रामपुर सियुड़ी की घनी आबादी है वहीं दूसरी ओर गांव सूरजपुर, रजीपुर की घनी आबादी है दोनों और के लोगों को अपने काम के लिए सड़क पार कर दूसरी ओर जाना पड़ता है।
इतना ही नहीं गांव सूरजपुर की ओर राजकीय पाठशाला है और बच्चों की आंगनवाड़ी भी है। विशेष कर छात्र-छात्राओं को बेहद व्यस्त राष्ट्रीय मार्ग को जान जोखिम में डालकर पर करना पड़ता था जिससे हमेशा दुर्घटनाए घटित होती रही है। ग्रामीणों ने संसद से यहां पर फुट ओवर ब्रिज बनाने की मांग की थी।
विजय बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि जीरकपुर- परवाणु नेशनल हाईवे नंबर 5 गांव सूरजपुर और रामपुर सियुड़ी गांव को विभाजित करते हुए गुजरता है जिस कारण दोनों ओर की आबादी को अपने रोजमर्रा के काम के लिए नेशनल हाईवे को जान जोखिम में डालकर पार करना पड़ रहा था इस दौरान कई दुर्घटनाएं भी हुई और कई लोग घायल हो चुके हैं और कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं।
सरकार द्वारा समस्या के समाधान की बजाय लोगों की समस्या उस समय और अधिक बढ़ा दी जब नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने सड़क के डिवाइडर पर लोहे की ऊंची-ऊंची ग्रिल लगाकर लोगों का रास्ता ही बंद कर दिया था। लोगों को अपने रोजमर्रा कामों के लिए कई किलोमीटर पैदल चलकर दूसरी ओर पहुंचना पड़ रहा था।
विजय बंसल एडवोकेट ने बताया कि इसी प्रकार पिंजौर- कालका- परवाणू बाईपास पर स्थित गांव बीटना में भी बिल्कुल यही समस्या पेश आई थी उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने जनहित याचिका दायर की थी और हाई कोर्ट के आदेश के बाद वर्ष 2013-14 में वहां भी फुटओवर ब्रिज का निर्माण करवाया था। क्योंकि गांव के दूसरी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी एवं खेत आदि मैं आने जाने के लिए लोगों को हाईवे पर दौड़ते हुए तेज वाहनों के बीच जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ती थी।
विजय बंसल ने बताया कि सांसद वरुण चौधरी ने नितिन गडकरी को लिखे पत्र में कहा था कि मेरे अम्बाला लोकसभा क्षेत्र के हलका कालका, में पंचकुला से शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 5 होकर गुजरता है। जिसका निर्माण कार्य भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा किया गया है। इस राजमार्ग पर वाहनों की आवाजावाही काफी अत्यधिक है। इस राजमार्ग पर गांव सूरजपुर व रामपुर सियुड़ी आते है। इन दोनों गांवो की आबादी काफी तादाद में है।
यहां के स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के कार्य हेतू उक्त राजमार्ग के एक दुसरी तरफ पार करना पड़ता है। इस राजमार्ग पर प्राधिकरण द्वारा रेलिंग भी लगवाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जिसकी वजह से यहां के स्थानीय लोगो को सड़क पार करने के लिए तीन से चार कि.मी. घुम कर आना पड़ेगा। इसका सबसे ज्यादा असर विशेषकर पढ़ने के लिए आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ बुर्जगों पर पड़ेगा। राजमार्ग के साथ-साथ स्कूल भी है।
राजमार्ग के दोनो तरफ गांव होने के कारण यहां पर लोगों द्वारा राजमार्ग को पार करते रहते है। लोग सड़क पार करने के दौरान राजमार्ग पर बड़े वाहनों की चपेट में आकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इसलिए इस जनहित समस्या का विषय संज्ञान लेते हुए मेरे अंबाला लोकसभा क्षेत्र के कालका विधानसभा के गांव सूरजपुर व रामपुर सियुड़ी के राष्ट्रीय राजमार्ग पर शीघ्र अतिशीघ्र फुट ओवरब्रिज का निर्माण कर इस समस्या का स्थाई समाधान किया जाए, जिससे भविष्य में इन दुर्घटनाओं से होने वाले जान-माल के कोई नुकसान से बचा जा सके व स्थानीय लोग राहत की सांस ले सके।
उपरोक्त समस्या का समाधान होने पर शिवालिक विकास मंच प्रदेश अध्यक्ष विजय बंसल एडवोकेट एवं ग्रामीणों में खुशी की लहर है। विजय बंसल और गांव रामपुर सियुड़ी, सूरजपुर राजीपुर वासियों ने अंबाला के सांसद वरुण चौधरी का आभार प्रकट किया है।

