चांग: 3.50 करोड़ का बजट मिलने के बाद भी स्कूल निर्माण अटका, छात्राएं परेशान
चांग। करीब 3.50 करोड़ रुपये पिछले दो सालों से हरियाणा स्कूल शिक्षा परिषद पंचकूला में राजकीय कन्या स्कूल चांग भवन निर्माण के लिए पहुंचने के बाद भी गांव चांग के कन्या स्कूल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। स्कूल निर्माण कार्य के लिए लाॅर्ड स्वराज पाल परिवार ने साढ़े तीन करोड़ रुपये मुहैया कराए थे जिसकी घोषणा भी तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल की चांग जनसभा के दौरान की थी।
लाॅर्ड स्वराज पाल ने तो अपने कहे अनुसार चांग कन्या स्कूल भवन निर्माण के लिए डीएससी को बजट मुहैया करा दिया था लेकिन दो साल गुजर जाने के बाद भी किसी अधिकारी ने सुध नहीं ली है। स्कूल भवन निर्माण करवाने के लिए गांव चांग के गणमान्य लोगों की 21 सदस्यीय कमेटी शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ-साथ शिक्षा मंत्री से मिल चुकी है।
दो शिफ्टों लग रहीं लड़कियों की कक्षाएं : गांव चांग का कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्ष कम होने की वजह से स्कूल दो शिफ्टों में लगाया जा रहा है। जिसमें कक्षा 6 से 12वीं तक सुबह 7 बजे से 12 तक और पहली कक्षा से पांचवीं तक 1 बजे से 5 बजे तक लगाया जा रहा है।
विद्यालय में करीब 287 छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। चांग कन्या स्कूल में वर्ष 2025 में शिक्षा बोर्ड की तरफ से कक्षा दसवीं और बारहवीं परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इस बार बैठने के लिए कक्षा कक्ष पर्याप्त नहीं होने की वजह से बोर्ड परीक्षा केंद्र भी रद्द कर दिया गया है। छात्राओं को मजबूरी में करीब 15 किलोमीटर दूर बामला में परीक्षा देने जाना पड़ा था।
गांव चांग के राजकीय कन्या स्कूल के भवन के लिए हरियाणा स्कूल शिक्षा परिषद पंचकूला में करीब 3.50 करोड़ रुपये आए हुए हैं। हमने डीएससी में मंजूरी पत्र भी भेज दिया है। स्कूल की ड्राइंग बनने के बाद जल्द ही बिल्डिंग निर्माण होने की उम्मीद है।

