दादरी लघु सचिवालय पहुंचे CJP नेता सुधीर सांगवान, बोले- 'मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन'

चरखी दादरी लघु सचिवालय में जारी धरने में पहुंचे CJP नेता सुधीर सांगवान। सरकार पर वादाखिलाफी और दमनकारी नीतियों का आरोप लगाते हुए आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।

 
हरियाणा न्यूज हिंदी

चरखी दादरी: दादरी के लघु सचिवालय परिसर में चल रहे धरने में गुरुवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की कोर टीम के वरिष्ठ सदस्य सुधीर सांगवान पहुंचे. उन्होंने धरना स्थल पर मौजूद युवाओं, किसानों और समर्थकों को संबोधित करते हुए सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, "आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक प्रमुख मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती."

सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप: सुधीर सांगवान ने कहा कि, "जंतर-मंतर से लेकर विभिन्न स्तरों पर आंदोलन के दौरान सरकार के सामने प्रमुख मांगें रखी गई थीं. बार-बार आश्वासन दिए गए, लेकिन उन पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. कई राज्यों में एफआईआर दर्ज होने और छात्रों-युवाओं के विरोध के बाद ही प्रशासन हरकत में आया, जो उसकी उदासीनता को दर्शाता है."

"बातचीच के बजाय दमनकारी रवैया": सांगवान ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं, छात्रों और किसान प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने से बच रही है. उन्होंने कहा कि, "जब भी शिक्षा, रोजगार या बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठते हैं, सरकार बातचीत करने की बजाय दमनकारी नीतियां अपनाती है. लोकतंत्र में संवाद और पारदर्शिता सबसे अहम हैं, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में इनकी कमी साफ दिखाई देती है."

आंदोलन जारी रखने का ऐलान: सुधीर सांगवान ने कहा कि, "पार्टी युवाओं, मजदूरों और किसानों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी. कॉकरोच जनता पार्टी केवल हरियाणा तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य राज्यों में भी युवाओं को जागरूक और संगठित करने का काम कर रही है. यदि मांगों का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा." इस दौरान उन्होंने आंदोलनकारियों से एकजुट रहने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की.