Charkhi Dadri: चरखी दादरी में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत; 26 साल के युवक और 16 वर्षीय किशोर की मौत

हरियाणा के चरखी दादरी में रानीला-बास रोड पर बड़ा सड़क हादसा। दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में शिवम और हिमांशु की जान गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

 
Ranila Bas Road Accident Haryana

चरखी दादरी : हरियाणा के चरखी दादरी जिले में एक भयानक सड़क हादसा हो गया। यहां दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में वाहनों के परखच्चे उड़ गए और दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में 26 वर्षीय युवक और 16 वर्षीय किशोर की जान चली गई। वहीं हादसा देखने वालों की रुह कांप गई।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रानीला-बास रोड की है। हादसे में सांजरवास निवासी शिवम (26) और दूसरी बाइक पर सवार बास गांव निवासी हिमांशु (16) की जान चली गई, जबकि एक अन्य किशोर देव घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दो बाइकों में आमने-सामने की भिंड़त हो गई। हादसा इतना भयानक था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और दूर जाकर गिरे। आनन-फानन में घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम दादरी के सामान्य अस्पताल में करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।