Jannayak Janta Party News: दुष्यंत और अजय चौटाला की मौजूदगी में हुई जेजेपी की बैठक, संगठन मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा

25 सितंबर को जननायक चौधरी देवीलाल की 113वीं जयंती मनाएगी जेजेपी। डॉ. अजय सिंह चौटाला करेंगे प्रतिमा का अनावरण।
 
Jannayak Janta Party news

चंडीगढ़ : 25 सितंबर को जननायक चौधरी देवीलाल की 113वीं जयंती को जननायक जनता पार्टी प्रदेशभर में मनाएगी। ऐलनाबाद में जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

इस अवसर पर पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता आदि मौजूद रहेंगे। यह निर्णय बुधवार को दिल्ली में आयोजित जेजेपी की एक महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया। वहीं देवीलाल जयंती के अवसर पर सिरसा में जेजेपी जिला कार्यालय का भी उद्घाटन किया जाएगा। 
 
जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने पार्टी पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी सक्रियता बढ़ाते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जेजेपी कार्यकर्ता और उनके अनुयायी इस बार देवीलाल जयंती पर प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित करके गरीब, किसान, कमेरे वर्ग के मसीहा जननायक चौधरी देवीलाल जी को याद करेंगे। 

पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेशभर में चौधरी देवीलाल की स्थापित सभी प्रतिमाओं पर साफ-सफाई के कार्य करवाए जाएंगे और 25 सितंबर को प्रतिमाओं पर सभाओं का आयोजन किया जाएगा। डॉ चौटाला ने कहा कि संघर्ष के असंख्य पड़ावों को पार करते हुए चौ. देवीलाल जन-जन के जननायक बने थे, इसलिए आज उन्हें देश भर में याद किया जाता है। 
 
डॉ अजय सिंह चौटाला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों, सभी जिला प्रभारियों एवं जिला अध्यक्षों सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संगठन मजबूती व पार्टी के आगामी कार्यक्रमों आदि विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
 
इस दौरान डॉ चौटाला ने पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों को पहचान पत्र वितरित किए और कहा कि जल्द ही जेजेपी के बूथ लेवल एजेंटों को भी पार्टी की तरफ से पहचान पत्र दिए जाएंगे। इस अवसर पर हरियाणा खादी बोर्ड के पूर्व चेयरमैन राजेंद्र लितानी, पूर्व विधायक रमेश खटक, अमरजीत ढांडा, राजदीप फौगाट, गंगाराम पटोदी आदि मौजूद रहे।