Cheeka Firing News: चीका में मोबाइल शॉप पर नकाबपोश बदमाशों की फायरिंग, शहर में दहशत

हरियाणा के चीका में नकाबपोश बदमाशों ने मोबाइल की दुकान पर दो राउंड फायर किए। डीएसपी कुलदीप बैनीवाल के नेतृत्व में CIA और पुलिस टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।

 
चीका थाना पुलिस कार्रवाई

चीका: चीका शहर में शनिवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया जब नकाबपोश बदमाशों ने एक मोबाइल की दुकान पर फायरिंग कर दी। बदमाशों ने दुकान के बाहर पहुंचकर दो राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही चीका थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान और आसपास के क्षेत्र का मुआयना किया तथा घटनास्थल से सबूत जुटाने की कार्रवाई की।

फायरिंग की घटना के बाद सीआईए की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने या डराने की नीयत से आए थे। मामले को लेकर डी.एस.पी. कुलदीप बैनीवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।

जिलेभर में नाकाबंदी कर दी गई है और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।