Qingdao Shipyard Accident News: चीन के सबसे बड़े शिपबिल्डिंग कारखाने में आगजनी, राहत और बचाव कार्य जारी
चीन के किंगदाओ शिपयार्ड में एक विदेशी मालवाहक जहाज में आग लग गई है. आगजनी की इस घटना में 30 लोगों के मारे जाने की आशंका है. हालांकि, चीन ने मौत को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है. चीन के प्रधानमंत्री के मुताबिक राहत एवं बचाव का कार्य जारी है. आग पर कंट्रोल पाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई टीमें शिपयार्ड के बाहर मौजूद है.
सीसीटीवी के मुताबिक मालवाहक जहाज मरम्मत के लिए किंगदाओ शिपयार्ड में खड़ा था. अचानक इसमें आग लग गई. घटना के बाद चीन के राष्ट्रपति खुद एक्टिव हो गए हैं. राष्ट्रपति ने राहत एवं बचाव कार्यों के निर्देश दिए हैं. माना जा रहा है कि आगजनी की यह घटना काफी बड़ी है.
मालवाहक जहाज की जो तस्वीर आई है, उसमें उसका ऊपरी हिस्सा जला हुआ दिख रहा है. आग बूझाने के लिए शिपयार्ड के बाहर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां खड़ी दिख रही है. चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग ने कहा है कि जो लोग लापता हैं, उन्हें भी ढूंढा जाए.
वहीं चीनी शिपयार्ड के अधिकारियों ने स्थानीय मीडिया से किसी भी तरह के सवालों का जवाब नहीं दिया है. समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक जिस जहाज में आग लगी है, वो लाइबेरिया के ध्वज वाला मालवाहक पोत ओशन मेलोडी है. हालांकि, इस मालवाहक जहाज का इस्तेमाल कौन कर रहा था, इसके बारे में डिटेल जानकारी नहीं दी गई है.
815 एकड़ में फैला है किंगदाओ शिपयार्ड
चीनी मीडिया का कहना है कि यह विदेशी ध्वज वाला एक मालवाहक जहाज था, जिसे कुछ ही दिन पहले चीन के किंगदाओ में लाया गया था. इस जहाज में मरम्मत का कार्य चल रहा था. मरने वाले अधिकांश शिपयार्ड के कर्मचारी हैं, जो मरम्मत का कार्य देख रहे थे.
किंगदाओ में चाइना स्टेट शिपबिल्डिंग कॉर्पोरेशन का एक प्रमुख जहाज निर्माण कारखाना है. यहां वाणिज्यिक जहाजों को नए सिरे से तैयार किया जाता है. इसके अलावा, किंगदाओ में जहाजों की मरम्मत का काम भी यहां होता है. यह शिपयार्ड 815 एकड़ में फैला हुआ है.