Subsidy News Updates: देसी गाय की खरीद पर मिलेगी 30 हजार रुपये सब्सिडी, 'मोरनी ऑर्गेनिक फ्रेश' ब्रांड से बिकेंगे उत्पाद

पंचकूला के मोरनी ब्लॉक में सीएम नायब सिंह सैनी ने 'माटी वंदन अभियान' का शुभारंभ किया और किसानों के लिए 7 बड़ी घोषणाएं कीं। 2029 तक मोरनी आदर्श जैविक ब्लॉक बनेगा। पूरी खबर पढ़ें।
 
Haryana local news Hindi

पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज पंचकूला जिले के मोरनी ब्लॉक में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 'माटी वंदन अभियान' के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सबसे पहले माटी वंदन अभियान के शुभारंभ पर सभी किसानों और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि शिवालिक की पहाड़ियों से जो हरियाली की गंगा निकलेगी, वह पूरे हरियाणा के खेतों को सींचेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रथम जैविक एवं प्राकृतिक खेती किसान मेले में सबके बीच आकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। आज मिट्टी को स्वस्थ बनाने, अन्नदाता किसानों को समृद्ध करने और राष्ट्र को सशक्त बनाने का एक नया संकल्प जन्म ले रहा है।

🇮🇳 'नमो मोरनी मिशन' की शुरुआत; देसी गाय की खरीद पर 30 हजार रुपये सब्सिडी

मुख्यमंत्री सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी संकल्प के साथ माटी वंदन अभियान और नमो मोरनी मिशन का शुभारंभ किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन की शुरुआत हुई है, जिसके तहत इस पखवाड़े में प्रदेश भर में 15 विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आगामी 5 दिसंबर (विश्व मृदा दिवस) पर एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें सिक्किम सहित अन्य राज्यों के कृषि वैज्ञानिक अपने अनुभव और सफल खेती मॉडल साझा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने खेती से जुड़े अहम आंकड़े और योजनाएं साझा करते हुए बताया:

  • पंजीकरण और विस्तार: आज लगभग 2 लाख किसानों ने करीब 3 लाख एकड़ भूमि का पंजीकरण करवाया है, जबकि लगभग 24 हजार किसान 44 हजार एकड़ से अधिक भूमि पर प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं।

  • देसी गाय पर अनुदान: प्राकृतिक खेती की आत्मा देसी गाय है, इसलिए वर्ष 2025 से देसी गाय की खरीद पर सब्सिडी बढ़ाकर 30 हजार रुपये की गई है। हरियाणा देसी गाय का A2 दूध वीटा बूथ पर उपलब्ध कराने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।

  • पॉलीहाउस का विस्तार: मोरनी देश का आदर्श जैविक एवं प्राकृतिक खेती ब्लॉक बनेगा। यहां अब तक 15 पॉलीहाउस लग चुके हैं, जिनमें हर वर्ष 15 से 20 लाख आलू की पौध तैयार होती है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसान के साथ बीज से बाजार तक खड़ी है।

📢 मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मोरनी के लिए कीं ये 7 बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मोरनी क्षेत्र के किसानों और युवाओं के उत्थान के लिए 7 ऐतिहासिक घोषणाएं कीं और कहा कि अब "उपज भी मोरनी की, ब्रांड भी मोरनी का और मंडी भी मोरनी में होगी":

  1. एक ही छत के नीचे समाधान: किसान की हर समस्या का समाधान एक ही छत के नीचे सुनिश्चित किया जाएगा।

  2. समर्पित किसान हेल्पलाइन: मोरनी के किसानों की सहायता के लिए विशेष समर्पित हेल्पलाइन नंबर 01733-297010 शुरू की जाएगी।

  3. आदर्श जैविक खेती ब्लॉक: वर्ष 2029 तक मोरनी को सिक्किम की तर्ज पर देश का आदर्श जैविक खेती ब्लॉक बनाया जाएगा।

  4. 'मोरनी ऑर्गेनिक फ्रेश' ब्रांड: हैफेड (HAFED) जैविक व प्राकृतिक उत्पादों की खरीद की नोडल एजेंसी होगी और इन्हें 'मोरनी ऑर्गेनिक फ्रेश' ब्रांड के नाम से बाजार में उतारेगी।

  5. संपूर्ण जैविक खंड: पूरे मोरनी खंड को पूर्ण रूप से जैविक खंड घोषित कर विकसित किया जाएगा।

  6. मानदेय में बढ़ोतरी: राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत सामुदायिक संसाधन व्यक्ति (CRP) को मोरनी खंड में ₹5000 अतिरिक्त यानी कुल ₹10,000 प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।

  7. निःशुल्क बीज और खाद वितरण: इस किसान मेले में किसानों को गेहूं व सब्जियों के उन्नत बीज, जैविक खाद और सब्जियों की पौध पूरी तरह निःशुल्क वितरित की जाएगी।

अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना, मिट्टी की सेहत सुधारना, आमजन को शुद्ध रसायन-मुक्त भोजन उपलब्ध करवाना और मोरनी के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार देना ही सरकार का मुख्य उद्देश्य है।