Cyber Fraud using Congress Leader Name: सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह की फर्जी आईडी बनाकर ठगी, जानिए पूरा मामला

कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर साइबर ठगों ने बनाई फर्जी प्रोफाइल, सामान बेचने के नाम पर ठगी।
 
Congress leader Brijendra Singh news

चंडीगढ़ : कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर साइबर ठग लोगों से घरेलू सामान बेचने के नाम पर पैसे मांग रहे हैं। ठगों ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उनकी तस्वीर लगाकर फर्जी प्रोफाइल बनाई है। मामला सामने आने के बाद बृजेंद्र सिंह की सोशल मीडिया टीम ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। फिलहाल पुलिस में शिकायत नहीं दी गई है।

बृजेंद्र सिंह ने बताया कि एक दोस्त ने फोन कर उन्हें फर्जी फेसबुक खाते की जानकारी दी। इसके बाद उनकी टीम ने तुरंत सोशल मीडिया पर सतर्कता संदेश जारी किया। उनके अनुसार, एक अन्य दोस्त को ठगों ने संदेश भेज बताया कि उनका सीआरपीएफ में तैनात मित्र तबादले के कारण अपना घरेलू सामान बेच रहा है।

संदेश में फ्रिज, एयर कंडीशनर, गाड़ी और डाइनिंग टेबल समेत कई सामान का जिक्र किया गया। ठगों ने सामान सस्ते में देने का झांसा देकर पहले ही रकम भेजने को कहा।

ठगों ने भरोसा पैदा करने के लिए पहले बृजेंद्र सिंह की पहचान का इस्तेमाल किया और फिर सीआरपीएफ जवान के तबादले की कहानी गढ़ी। बृजेंद्र सिंह ने लोगों से ऐसे संदेशों और सोशल मीडिया खातों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी सामान की खरीद के नाम पर रकम भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति और ऑफर की पूरी तरह पुष्टि कर लेनी चाहिए।