Haryana Lado Lakshmi Yojana Phase 2: दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ा, आज से शुरू हुआ नया पंजीकरण

हरियाणा सरकार ने बढ़ाई दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की पात्रता। अब 1.80 लाख रुपये तक की आय वाले परिवार की महिलाओं को मिलेगा लाभ।
 
CM Nayab Singh Saini scheme

हरियाणा : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज भगवान विश्वकर्मा जयंती, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सेवा दिवस के पावन अवसर पर 'दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना' का दूसरा चरण शुरु करने का ऐलान किया है। सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ा दिया है। अब प्रदेश के 1 लाख 80 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की सभी पात्र बहन-बेटियों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।

आज से इस योजना के नए लाभार्थियों का पंजीकरण शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने  हर पात्र लाडो से आग्रह किया है कि आप अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। सीएम सैनी ने आगे कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हमारी डबल इंजन सरकार माताओं-बहनों के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कार्य  कर रही है ।

बता दें कि पहले योजना के  लिए परिवार की अधिकतम वार्षिक आय एक लाख रुपये निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये किया जा रहा है। इससे बड़ी संख्या में अतिरिक्त महिलाएं योजना के दायरे में आएंगी। आज नया पंजीकरण पोर्टल खोल दिया गया है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। सरकार ने पहले बजट में इसके लिए 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। अब तक करीब 10 लाख महिलाओं के खातों में 2,000 करोड़ से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। दूसरे बजट में योजना के लिए 6,500 करोड़ का प्रावधान किया है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर आत्मनिर्भर बनाना है। महिला मजबूत होगी तो परिवार भी मजबूत होगा।