दिल्ली-गुरुग्राम मेट्रो: यशो भूमि से राजीव चौक तक दौड़ेगी मेट्रो, जानें रूट

यशो भूमि से राजीव चौक तक नई मेट्रो लाइन का डीपीआर तैयार। 13,500 करोड़ की लागत से बनेंगे 5 भूमिगत स्टेशन। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो निर्माण कार्य भी तेज।

 
राजीव चौक मेट्रो स्टेशन

दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) की यशो भूमि मेट्रो स्टेशन से लेकर गुरुग्राम के राजीव चौक तक प्रस्तावित मेट्रो के तहत पांच भूमिगत स्टेशन तैयार करने की योजना है। इसके लिए डीपीआर तैयार कर लिया गया है। डीपीआर को मंजूरी के लिए डीएमआरसी ने शहरी एवं आवासन मंत्रालय में भेजा गया है।

साढ़े 13 हजार करोड़ रुपये की लागत

डीएमआरसी ने इस मेट्रो मार्ग को लेकर डीपीआर तैयार की है, जिसके मुताबिक इसके निर्माण पर करीब साढ़े 13 हजार करोड़ रुपये की लागत आएगी। करीब 20 किमी लंबे इस मेट्रो मार्ग में पांच भूमिगत स्टेशन डीएमआरसी ने प्रस्तावित किए हैं। इसके मुताबिक दिल्ली के बिजवासन, कापसहेड़ा और गुरुग्राम के सेक्टर-22, इफ्को चौक और राजीव चौक पर भूमिगत मेट्रो स्टेशन तैयार किए जाएंगे।

लाखों लोगों को फायदा होगा

डीपीआर के मुताबिक दिल्ली स्थित यशो भूमि मेट्रो स्टेशन से मेट्रो शुरू होगी, जो दिल्ली के गांव धूल सिरस, भरथल, बिजवासन, कापसहेड़ा, गुरुग्राम के मौलाहेड़ा, उद्योग विहार, इफ्को चौक से दिल्ली-जयपुर हाईवे होते हुए राजीव चौक तक जाएगी। यह मेट्रो भूमिगत होगी। बता दें कि एनसीआरटीसी के दिल्ली से लेकर गुरुग्राम होते हुए बावल तक नमो भारत ट्रेन मार्ग में इफ्को चौक और गुरुग्राम के राजीव चौक पर स्टेशन तैयार होना प्रस्तावित है। इस तरह गुरुग्राम के इफ्को चौक से फरीदाबाद होते हुए ग्रेटर नोएडा तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन के तहत इफ्को चौक पर मेट्रो स्टेशन का निर्माण प्रस्तावित है। इससे लाखों लोगों को लाभ होगा।

आश्रम पर बुलडोजर चला

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक मेट्रो का निर्माण शुरू हो गया है। उमंग भारद्वाज चौक स्थित हिमगिरी आश्रम की चारदीवारी को बुलडोजर से तोड़ दिया है। इसके रास्ते में आ रहे कमरों को तोड़ा जा रहा है। ऑफिस इमारत को भी जल्द तोड़ा जाएगा। निर्माण के बीच में आ रहे सीएनजी स्टेशन को बेरीकेडिंग कर बंद कर दिया है। यह स्टेशन करीब 50 मीटर दूरी पर स्थानांतरित हो गया है। अब सिर्फ मेट्रो निर्माण के बीच में हाईटेंशन लाइन और बिजली घर रुकावट बना हुआ है। एनएनएचआई और डीएचबीवीएन की तरफ से 31 दिसंबर तक इस अड़चन को हटाने का समय दिया है।

दूसरे चरण का टेंडर जल्द होगा

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे चरण का टेंडर इस माह के अंत तक जारी कर दिया जाएगा। इसके निर्माण में करीब 1400 करोड़ रुपये की लागत आएगी। दावा किया जा रहा है कि टेंडर जारी होने के बाद दो साल की समयावधि में मेट्रो मार्ग को तैयार कर दिया जाएगा।