ढिगावा मंडी: कुड़ल-पहाड़ी मार्ग खस्ताहाल, ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कत

ढिगावा मंडी के गांव कुड़ल से पहाड़ी जाने वाला मुख्य मार्ग खस्ताहाल है। स्कूली बच्चों और किसानों को हो रही भारी परेशानी। जानें ग्रामीणों की मांग और प्रशासन का रुख।

 
जिला पार्षद महेंद्र शर्मा

ढिगावा मंडी। गांव कुड़ल से पहाड़ी जाने वाला मुख्य मार्ग खस्ताहाल होने से ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह से टूटी और ऊबड़-खाबड़ सड़क पर आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन कई स्कूल बसों का आवागमन होता है। सड़क खराब होने के कारण बस चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इससे बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में भी दिक्कत होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। मानसून के मौसम में मार्ग की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है।

ग्रामवासी संजय लौर, जयविंद्र शर्मा, श्योराम और रामनिवास ने बताया कि वे कई बार सरपंच, जिला पार्षद और मंडल अध्यक्ष से सड़क की मरम्मत कराने की मांग कर चुके हैं। अधिकारियों को भी समस्या से अवगत कराया गया लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों ने बताया कि यह गांव का मुख्य मार्ग है जिसे पहाड़ी वाला रास्ता कहा जाता है। इसी रास्ते से प्रतिदिन किसान खेतों तक पहुंचते हैं। दूध विक्रेता और अन्य वाहन चालक भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण सभी को परेशानी उठानी पड़ रही है।

जिला पार्षद महेंद्र शर्मा ने बताया कि पंचायत के पंचों का नॉर्म पूरा नहीं होने के कारण समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही जिला पार्षद कोटे से इस मार्ग की मरम्मत कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।