Haryana Police Drug Free Campaign: नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति, लोहारू पुलिस ने चलाया विशेष चेकिंग अभियान

ढिगावा मंडी और गांव बड़दू चैना में लोहारू पुलिस ने डॉग स्क्वायड के साथ नशा तस्करों के खिलाफ गहन सर्च अभियान चलाया।
 
भिवानी क्राइम समाचार

ढिगावा मंडी। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए लोहारू पुलिस ने बुधवार को ढिगावा मंडी और गांव बड़दू चैना में सर्च अभियान चलाया। थाना प्रभारी सत्यनारायण शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध मकानों और स्थानों की गहन तलाशी ली। नशीले पदार्थों की पहचान और बरामदगी के लिए डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई।

पुलिस टीम ने अभियान के दौरान कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में सूखा नशा बेचने और उसका सेवन करने वालों पर शिकंजा कसना था। थाना प्रभारी सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि हरियाणा पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने आमजन से अपील की कि क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशा बेचता या उसका सेवन करता दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए इस तरह की औचक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।