फरीदाबाद: सड़क हादसे में 6 साल की बच्ची की मौत, बस चालक पर लापरवाही का आरोप
फरीदाबाद के पल्ला क्षेत्र में सड़क पार करते समय बस की चपेट में आने से 6 वर्षीय बच्ची की मौत। परिजनों का आरोप—चालक मोबाइल चला रहा था। पुलिस जांच में जुटी।
फरीदाबाद : फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। शनि बाजार के पास सड़क पार करते समय एक बस की चपेट में आने से एलकेजी की छात्रा काव्या की मौके पर ही गंभीर रूप से चोट लग गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। आज रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मां के साथ चाची के घर जा रही थी बच्ची
पल्ला थाना पुलिस के अनुसार, मृतक बच्ची काव्या का परिवार सरस्वती कॉलोनी में रहता है। बच्ची के पिता महेश ने बताया कि शनिवार दोपहर काव्या अपनी मां के साथ चाची के घर जा रही थी। जब वे शनि बाजार के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी भीड़भाड़ के बीच एक बस ने बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
परिजनों का आरोप है कि हादसे के समय बस चालक मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन चला रहा था, जिसके कारण वह बच्ची को नहीं देख पाया और यह हादसा हो गया। उनका यह भी आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल बस तथा चालक को भी नहीं पकड़ा गया।
थाने पहुंचे परिजन, जताया रोष
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजन बच्ची के शव को एंबुलेंस में लेकर सीधे पल्ला थाना पहुंच गए। थाने में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी एकत्रित हो गए और पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के समझाने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।

