फरीदाबाद: बल्लभगढ़ में भरभराकर गिरा 50 साल पुराना मकान, टला बड़ा हादसा

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित तिरखा कॉलोनी में एक जर्जर मकान का अगला हिस्सा अचानक गिर गया। कोर्ट केस के कारण वर्षों से बंद था मकान। मलबे से रास्ता प्रभावित।

 
फरीदाबाद लाइव न्यूज़

फरीदाबाद  : फरीदाबाद में बल्लभगढ़ के आजाद नगर तिरखा कॉलोनी में शुक्रवार शाम करीब 6 बजे एक पुराना और जर्जर मकान का आगे का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। मकान का हिस्सा सड़क की ओर गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया। गिरते समय तेज आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास रहने वाले लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि जिस समय मकान का हिस्सा गिरा, उस समय गली में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। यदि वहां कोई राहगीर या वाहन होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

मकान करीब 40 से 50 साल पुराना

स्थानीय लोगों के अनुसार यह मकान करीब 40 से 50 साल पुराना है। यह मकान दो भाइयों लेखराज और लक्कू का बताया जा रहा है। दोनों के बीच इस संपत्ति को लेकर काफी समय से अदालत में विवाद चल रहा है। कोर्ट में मामला लंबित होने के कारण मकान वर्षों से बंद पड़ा हुआ था और इसमें कोई भी नहीं रह रहा था। लंबे समय तक देखरेख नहीं होने और मकान के काफी पुराना होने के कारण इसकी हालत लगातार खराब होती चली गई थी।
 

PunjabKesari



पड़ोसियों ने सुनी जोरदार आवाज

कॉलोनी निवासी सुखबीर ने बताया कि शाम को अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले तो देखा कि मकान का आगे का हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर चुका था। मकान का मलबा सड़क पर फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए रास्ता भी प्रभावित हुआ। घटना के बाद आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने मौके का जायजा लिया

बल्लभगढ़ शहर थाना इंचार्ज उमेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आस-पास रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।