फरीदाबाद: अस्पताल में शव वाहन नहीं, ठेले पर शव ले जाने को मजबूर परिजन
फरीदाबाद के बीके नागरिक अस्पताल में एक बार फिर व्यवस्था की पोल खुली। शव वाहन न मिलने पर परिजन सब्जी वाले ठेले पर शव ले जाने को मजबूर। प्रशासन पर खड़े हुए सवाल।
फरीदाबाद: बीके नागरिक अस्पताल में एक बार फिर शव वाहन उपलब्ध न होने का मामला सामने आया है। सांस की तकलीफ से पीड़ित एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों को शव घर ले जाने के लिए वाहन नहीं मिला। मजबूरी में परिजन मृतक के शव को सब्जी वाले ठेले पर रखकर घर ले गए।
घटना ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहुल कॉलोनी निवासी फिरोज पिछले कई दिनों से सांस संबंधी बीमारी से परेशान थे। मंगलवार रात अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां भी होने लगीं। परिजन उन्हें तुरंत बीके नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के कुछ समय बाद ही फिरोज ने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद उन्हें शव को घर ले जाने के लिए कोई वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया। काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद व्यवस्था नहीं होने पर उन्हें सब्जी वाले ठेले का सहारा लेना पड़ा। इसके बाद परिजन शव को ठेले पर रखकर अपने घर ले गए। जनवरी में भी टीबी पीड़ित महिला की मौत के बाद परिजनों को शव वाहन नहीं मिला था।
आपातकालीन विभाग के बाहर शव वाहन की उपलब्धता संबंधी सूचना बोर्ड लगाया गया है, जिस पर चालक का मोबाइल नंबर भी अंकित है। नर्सिंग अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जरूरतमंद परिजनों को शव वाहन उपलब्ध कराया जाए।

